बिलासपुर। देवभूमि हिमाचल प्रदेश में हर साल हजारों श्रद्धालु आस्था के साथ मंदिरों में माथा टेकने पहुंचते हैं, लेकिन कई बार यह सफर हादसों में भी बदल जाता है। ऐसा ही एक मामला जिला बिलासपुर से सामने आया है, जहां मंदिर में दर्शन करने आए दिल्ली के श्रद्धालुओं के साथ लौटते समय बड़ा हादसा हो गया। हादसे के वक्त टेंपो ट्रैवलर में करीब 15 लोग सवार थे।
माता नैना देवी के दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला बिलासपुर के कोला वाला टोबा के पास, संनटीना यात्री निवास के नजदीक पेश आया है। गाड़ी में करीब 15 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें 3 से 4 छोटे बच्चे भी शामिल थे। सभी लोग माता नैना देवी के दर्शन करने के बाद दिल्ली वापस लौट रहे थे।
यह भी पढ़ें- लाहौल नहीं जाएंगी राष्ट्रपति मुर्मू : अटल टनल का दौरा भी हुआ रद्द, जानें क्या रही वजह
अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे जा गिरा टेंपो
रास्ते में अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिसके चलते गाड़ी सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
श्रद्धालुओं को चोटें आई चोटें
हादसा भले ही गंभीर था, लेकिन गनीमत यह रही कि इसमें किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, वाहन में सवार कई श्रद्धालुओं को चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए घायलों को बाहर निकालने में मदद की और राहत कार्य में अहम भूमिका निभाई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल नहीं पहुंची HRTC की e-बसें, निगम ने कंपनी को ठोका 8 करोड़ का जुर्माना
अस्पताल पहुंचाए सभी घायल श्रद्धालु
वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। और स्थिति को संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को एम्बुलेंस और अन्य वाहनों के जरिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज चला हुआ है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
थाना प्रभारी हरनाम सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई की और घायलों को समय पर मदद पहुंचाई गई। उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किस वजह से हुआ।
