शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने देर रात सनसनी फैला दी। मंडी जिला और शिमला जिला की सीमा पर स्थित तत्तापानी से करीब 12 किलोमीटर दूर माहौटा क्षेत्र के कंलगार में यह हादसा हुआ- जिसमें दो लोगों की जान चली गई।

गहरी खाई में गिरी कार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात लगभग 12 बजे एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गिरावट इतनी भयावह थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और पूरा मंजर दिल दहला देने वाला बन गया।

दो लोगों की मौत

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। अब तक खाई से दो शव बरामद किए जा चुके हैं। मगर अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

गाड़ी के उड़े परखच्चे

हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए हैं। अधिकारियों का मानना है कि हादसे के समय वाहन में और भी लोग सवार हो सकते हैं। इसी आशंका को ध्यान में रखते हुए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

बचाव कार्य में जुटी पुलिस

क्षेत्र की गहरी खाई और दुर्गम रास्तों के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें