रोहड़ू/शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में छीन लीं। शिमला जिले के कोटखाई क्षेत्र में हिमरी मार्ग पर टिक्करी ढांक के समीप एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार चालक 37 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान सतीश लैहिक (37) पुत्र स्वर्गीय बुद्धी राम, निवासी गांव कड़ैल, डाकघर हिमरी, तहसील कोटखाई के रूप में हुई है। हादसे की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। जिस परिवार के लिए रात सामान्य थी, सुबह होते-होते उसी घर में मातम पसर गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बस स्टैंड की पार्किंग में मिली युवक की देह, परिवार घर पर कर रहा था बेटे का इंतजार
रात के अंधेरे में हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह हादसा शुक्रवार रात करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच हुआ बताया जा रहा है। हिमरी मार्ग पर टिक्करी ढांक के पास रात के समय सुनसान और अंधेरा होने के कारण सड़क से नीचे खाई में गिरी कार का किसी को पता नहीं चल पाया। रातभर कार खाई में पड़ी रही और किसी को हादसे की भनक तक नहीं लगी। शनिवार सुबह जब कुछ लोगों की नजर सड़क से नीचे गिरी ऑल्टो 800 कार (HP 63A-7645) पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
सुबह कार खाई में दिखी तो उड़ गए लोगों के होश
सड़क से नीचे क्षतिग्रस्त हालत में कार दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने जब मौके पर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी और उसके अंदर चालक सतीश लैहिक मृत अवस्था में पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही कोटखाई पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 9 और 6 साल के दो सगे भाई-बहन की मौ*त, रात को अचानक बिगड़ी तबीयत; कमरे में दिखा सांप
कड़ी मशक्कत के बाद खाई से निकाला शव
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सतीश के शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटखाई भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी कब्जे में लेकर हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है।
आखिर कैसे अनियंत्रित हुई कार? जांच में जुटी पुलिस
हादसा किस वजह से हुआ, फिलहाल इसकी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है। यह पता लगाया जा रहा है कि कार अचानक अनियंत्रित क्यों हुई और किस परिस्थिति में सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। रात के समय हादसा होने के कारण घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के संभावित कारणों का पता लगाने में जुटी है।
यह भी पढ़ें : नशे ने फिर छीना हिमाचल से एक जवान बेटा! 23 साल के ऋतिक की किराये के कमरे में मिली देह
एक झटके में परिवार की खुशियां मातम में बदलीं
सतीश की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार और गांव में मातम छा गया। परिजनों के लिए यह यकीन करना मुश्किल है कि जिस शख्स के सकुशल घर लौटने की उम्मीद थी, वह अब कभी वापस नहीं आएगा। 37 वर्षीय सतीश की अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे की खबर जिसने भी सुनी, वह स्तब्ध रह गया। एक सड़क हादसे ने पलभर में परिवार की खुशियां छीन लीं और पीछे छोड़ दिया गम, आंसुओं और कभी न भरने वाला दर्द।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पुल से नदी में कूद गई 38 साल की महिला, युवकों ने बाहर निकाला... पर नहीं बचा सके जा*न
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
कोटखाई पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की ओर से दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम प्रक्रिया के बाद ही हादसे से जुड़ी परिस्थितियां और अधिक स्पष्ट हो पाएंगी।
