लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति से vkt सोमवार को एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों की कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। कार में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें छह सलग्रां गांव और एक भुजंड गांव का निवासी बताया जा रहा है।

कब हुआ यह हादसा

हादसा सोमवार को शाम करीब चार बजे तांदी क्षेत्र में वीर मंदिर के समीप हुआ। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा नंबर की कार (HR 03P 3251) कुठाड़ (तांदी) गांव से शादी समारोह में शामिल होने के लिए सलग्रां गांव की ओर जा रही थी। 

 

यह भी पढ़ें : वीरभद्र के नक्शे कदम पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह, नाराज नेताओं से रिश्ते जोड़ बढ़ा रहे अपना राजनीतिक कुनबा

सड़क से सीधे चंद्रभागा नदी में जा गिरी कार

बताया जा रहा है कि कार जब राज्य राजमार्ग-26 पर वीर मंदिर, तांदी के पास एक मोड़ पर पहुंची, तो चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सड़क से नीचे उतरते हुए चंद्रभागा नदी के किनारे जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कार में सवार अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक ही वाहन में सवार सात लोगों के साथ हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 

 

यह भी पढ़ें : वीरभद्र परिवार के मंच पर जुटे सुक्खू के विरोधी! नीरज भारती को गले लगा विक्रमादित्य ने बढ़ाई सियासी हलचल

मौके पर पहुंचीं पुलिस और प्रशासन की टीमें

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी तांदी और पुलिस थाना उदयपुर की टीमें प्रशासनिक दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव की कार्रवाई के बाद घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), उदयपुर पहुंचाया गया। तीन मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम और आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए CHC उदयपुर लाया जा रहा है। फिलहाल घायलों का उपचार किया जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार में कैबिनेट विस्तार की उल्टी गिनती शुरू! दिल्ली से लौटे CM ने बताई डेट; अब फैसले का इंतजार

दो सगे भाइयों की मौत से गांव में शोक

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शिव कुमार पुत्र रूप सिंह निवासी सलग्रां (थनवानी), अजय पुत्र रूप सिंह निवासी सलग्रां (थनवानी) और कार्तिक पुत्र जारम चंद निवासी सलग्रां के रूप में हुई है। मृतकों में शिव कुमार और अजय सगे भाई थे। एक ही हादसे में दो भाइयों की मौत की खबर से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, तीन लोगों की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

चार लोग घायल, दो की हालत गंभीर

दुर्घटना में घायल हुए चार लोगों की पहचान रोहित पुत्र मदन लाल निवासी सलग्रां, पुष्पेंद्र पुत्र अमरनाथ निवासी भुजुंड, समीर पुत्र राम किशन निवासी सलग्रां और विवेक पुत्र देवी सिंह निवासी सलग्रां के रूप में हुई है। पुष्पेंद्र कार चला रहा था। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इनमें से दो गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया है। चिकित्सक डॉ. गौरव शर्मा के अनुसार, दो अन्य घायलों की हालत भी गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : नशा तस्करों को पकड़ने आई पुलिस पर भीड़ ने किया हम*ला, पंचायत प्रधान पर केस

 

पुलिस ने शुरू की हादसे के कारणों की जांच

पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर एचआर-03पी-3251 है। कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई है और चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना वाहन पर से नियंत्रण खोने के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सफर के दौरान सतर्कता और सुरक्षित वाहन संचालन की अहमियत को सामने ला दिया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें