मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कोटली क्षेत्र के सेहली गांव में जहरीले सांप के डसने से सगे मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। एक ही परिवार के दो बच्चों की अचानक हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में बच्चों की मासूम हंसी गूंजती थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

 

मृतकों की पहचान 9 वर्षीय काव्या और उसके 6 वर्षीय छोटे भाई नक्ष के रूप में हुई है। महज कुछ घंटों के अंतराल में दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ने और फिर मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद सेहली गांव सहित आसपास के इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

रात को खाना खाकर सोए थे दोनों बच्चे

परिजनों के अनुसार शुक्रवार 11 सितंबर की शाम दोनों बच्चे रोजाना की तरह खाना खाने के बाद करीब साढ़े नौ बजे रात को सोने चले गए थे। घरवालों को जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी रात साबित होने वाली है। रात करीब 2:30 बजे अचानक 9 वर्षीय काव्या ने पेट में दर्द होने की शिकायत की। परिवार ने इसे सामान्य परेशानी समझा। कुछ देर बाद उसके छोटे भाई नक्ष को भी तेज पेट दर्द होने लगा। दोनों बच्चों की हालत धीरे-धीरे बिगड़ने लगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: दंपत्ति में हुई कहासुनी का द*र्दनाक अंत, पत्नी पर चा*कू चलाने वाले पति की थम गईं सांसें

दरवाजे पर दिखा काला सांप

बच्चों की तबीयत बिगड़ने और उनके दर्द से तड़पने के बाद परिजनों की नजर घर के दरवाजे के पास मौजूद एक बड़े काले सांप पर पड़ी। सांप को देखते ही परिवार को किसी अनहोनी का संदेह हुआ और आशंका जताई गई कि संभवत: दोनों बच्चों को उसी जहरीले सांप ने डसा है। इसके बाद परिजन बिना समय गंवाए दोनों बच्चों को लेकर जोनल अस्पताल मंडी की ओर दौड़े। बच्चों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नेरचौक रेफर किया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: दंपत्ति के बीच हुआ जमकर विवाद, गुस्साए पति ने पत्नी पर चला दिया चा**कू; खुद को भी नहीं बख्शा

नेरचौक पहुंचने से पहले ही जिंदगी की जंग हार गए मासूम

परिवार बच्चों को बचाने की पूरी कोशिश करता रहा, लेकिन हालात लगातार बिगड़ते गए। नेरचौक अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। शनिवार 12 सितंबर की सुबह करीब 7:26 बजे नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से मंडी पुलिस को घटना की सूचना मिली। एक साथ दो मासूम बच्चों की मौत की खबर सामने आते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

पोस्टमार्टम में जहरीले जहर से मौत की पुष्टि

पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सांप के घातक जहर के प्रभाव से दोनों की मौत होने की पुष्टि हुई है। इससे यह स्पष्ट हुआ कि बच्चों की जान जहरीले सर्पदंश के कारण गई। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। महज 9 और 6 साल की उम्र में दोनों मासूम इस दुनिया को छोड़ गए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्रक चालक की फिल्मी साजिश बेनकाब, रास्ते में 18 टन सरिया बेच खाई में गिरा दिया वाहन

एक झटके में उजड़ गया परिवार, गांव में पसरा मातम

परिवार ने एक ही रात में अपने दो मासूम बच्चों को खो दिया। 9 साल की बेटी काव्या और 6 साल के बेटे नक्ष की अचानक मौत ने माता-पिता और परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में दोनों भाई-बहन साथ खेलते, हंसते और बचपन के पल बिताते थे, वहां अब उनकी यादें ही रह गई हैं। घटना की खबर फैलते ही गांव के लोग भी गमगीन परिवार के घर पहुंचने लगे। पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक का माहौल है।

 

यह भी पढ़ें : नशे ने फिर छीना हिमाचल से एक जवान बेटा! 23 साल के ऋतिक की किराये के कमरे में मिली देह

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

मंडी पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर BNSS की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें