#यूटिलिटी

January 27, 2026

हिमाचल में आज रात भयंकर तूफान का अलर्ट, अगले 15 घंटे तक होती रहेगी बर्फबारी

हिमाचल में बर्फबारी ने बिगाड़े हालात, 750 सड़कों पर बंद हुई आवाजाही

शेयर करें:

himachal Snowfall storm Alert

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है और फिलहाल लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही। मौसम विभाग की चेतावनी एक बार फिर सटीक साबित हुई है। स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मंगलवार देर रात से शुरू हुआ यह सिलसिला दिन चढ़ने के साथ और ज्यादा गंभीर होता चला गया।

राजधानी शिमला में बदला मौसम का मिजाज

राजधानी शिमला में दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली। पहले तेज बारिश शुरू हुई, फिर आंधी चली और देखते ही देखते ऊपरी इलाकों में बर्फ के फाहे गिरने लगे। रिज मैदान पर पर्यटक बारिश और बर्फबारी के बीच छतरियां थामे नजर आए। जहां सैलानी इस मौसम का लुत्फ उठाते दिखे, वहीं स्थानीय लोगों और प्रशासन के लिए यह स्थिति चुनौती बन गई।

 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने दिल्ली में 3 केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष उठाए हिमाचल के हक, 200 करोड़ की मिली स्वीकृति

ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात

शिमला, कुफरी और नारकंडा में दोपहर बाद फिर से ताजा हिमपात हुआ। कुफरी और नारकंडा में फ्रैश स्नोफॉल के चलते सड़कों पर फिसलन बढ़ गई, जिससे हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। चंबा के भरमौर में शाम तक करीब 6 इंच, स्पीति में 2 इंच, रोहतांग में 7 इंच, गोंदला में 8 इंच और केलांग में 4 इंच ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में भी दोपहर बाद से लगातार बर्फ गिरती रही।

आज रात भयंकर तूफान की चेतावनी

मौसम विभाग ने आज रात के लिए बेहद गंभीर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में तूफान चल सकता है, जिसकी रफ्तार 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंचने की आशंका है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर बाकी जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बिलासपुर और ऊना जिलों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। ताजा बुलेटिन के अनुसार बुधवार सुबह 9 बजे तक चंबा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और शिमला के कुछ क्षेत्रों में भारी हिमपात हो सकता है।

यह भी पढ़ें :  शिमला में रहने वाला कश्मीरी बोला- कश्मीर पाकिस्तान का है, "हिन्दुस्तान जिंदाबाद" नहीं बोलूंगा

बर्फबारी से बिगड़े हालात

लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश से प्रदेश में हालात बिगड़ने लगे हैं। कई सड़कों पर यातायात बाधित हो गया है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कुफरी, फागू और छराबड़ा क्षेत्र में लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। फिसलन के कारण कई वाहन रास्ते में फंस गए।

बर्फबारी में फंसे कई पर्यटक

हिमाचल में हो रही भारी बर्फबारी से कई लोग बर्फ के बीच फंस गए। मंडी जिला के निहरी क्षेत्र के चौकी इलाके में करीब 30 लोग बर्फ के बीच फंस गए। दो ट्रकों के फिसलकर सड़क पर अटक जाने से रास्ता पूरी तरह बंद हो गया और रामपुर, किन्नौर, मंडी और गोहर की ओर जाने वाले लोग बीच रास्ते में फंस गए। प्रशासन ने कड़ी मशकत के बाद बर्फ के बीच फंसे लोगों को रेस्क्यू किया। वहीं अटल टनल में भी दो युवकों के फंसने की सूचना मिली थी, जिन्हें प्रशासन ने रेस्क्यू किया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी बर्फबारी का असर: कई जिलों में कल भी बंद रहेंगे स्कूल- आज करनी पड़ी आधी छुट्टी

तापमान में भारी गिरावट

तेज हवाओं, शीतलहर और बारिश-बर्फबारी के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री नीचे चला गया है। ऊना में सबसे ज्यादा असर देखने को मिला, जहां तापमान 9 डिग्री गिरकर 12.8 डिग्री सेल्सियस रह गया।

पहले से ही ठप है जनजीवन

बीते दिनों की भारी बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश में पहले ही 3 राष्ट्रीय राजमार्गों समेत करीब 750 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा 1500 से ज्यादा बिजली ट्रांसफॉर्मर और 175 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। ताजा बर्फबारी के बाद शिमला, चंबा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में कई और सड़कों पर आवाजाही बाधित हो गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पिता का छूटा साथ... मां के संघर्षों को नहीं भूली बेटी, अब अधिकारी बन बढ़ाया मान

स्कूल-कॉलेज बंद, प्रशासन अलर्ट

मौसम के अलर्ट को देखते हुए कुल्लू जिले के बंजार, कुल्लू और मनाली डिवीजन में बुधवार को भी सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। जिला प्रशासन का कहना है कि भारी बर्फबारी से सड़कें अवरुद्ध हैं और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

आगे भी राहत नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक 28 और 29 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर कुछ कमजोर पड़ेगा और केवल ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी होगी। 30 जनवरी को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 31 जनवरी से एक बार फिर नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा। इससे दो फरवरी तक प्रदेश में दोबारा अच्छी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख