#यूटिलिटी
August 1, 2026
महंगाई के बीच बड़ी राहत! हिमाचल में सस्ता हो गया LPG सिलेंडर, जानें अब कितने में मिलेगा
आज पहली अगस्त से नई दरें लागू, लोगों को मिली बड़ी राहत
शेयर करें:

शिमला। महंगाई की मार झेल रहे लोगों के लिए अगस्त महीने की शुरुआत राहत भरी खबर लेकर आई है। हिमाचल प्रदेश समेत पूरे देश में आज यानी 1 अगस्त से 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम घटा दिए गए हैं। तेल विपणन कंपनियों ने सिलेंडर की कीमत में 192 रुपये तक की कटौती की है। नई दरें लागू होने के बाद होटल, रेस्तरां, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
नई कीमतें लागू होने के साथ ही हिमाचल प्रदेश के व्यावसायिक एलपीजी उपभोक्ताओं को भी कम कीमत पर सिलेंडर मिलेगा। कारोबारियों का मानना है कि लगातार बढ़ रही महंगाई के बीच यह राहत उनके संचालन खर्च को कुछ हद तक कम करेगी। खासकर होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग और खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: होटल बुलाए पति-पत्नी को दे दिया नशा, बेसुध महिला से की नीचता; VIDEO बना किया वायरल
इंडियन ऑयल की ओर से जारी नई दरों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 2,930 रुपये की जगह 2,738 रुपये में मिलेगा। यानी एक सिलेंडर पर 192 रुपये की सीधी राहत दी गई है। इससे पहले जुलाई महीने में भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम घटाए गए थे और अब लगातार दूसरी बार कीमतों में कमी की गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस चौकी के बजट से चमका दी SP की कोठी, विजिलेंस के रडार पर संजीव गांधी..
इसी तरह से हिमाचल प्रदेश में भी कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 190 रुपए कम हो गए हैं। नई दरें आज यानी पहली अगस्त से लागू हो गई है। नई दरों के अनुसार अब हिमाचल प्रदेश में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर लोगों को 2791 रुपए में मिलेगा। इससे पहले जुलाई माह में यही एलपीजी सिलेंडर लोगों को 2981 रुपए में मिल रहा था। हालांकि प्रदेश के जिलों में परिवहन के चलते इसके दामों में दो से पांच रुपए अलग अलग हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सियासी भूचाल: विजिलेंस रडार पर एक और पूर्व MLA, इसने भी कांग्रेस छोड़ थामा था BJP का दामन
हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं को पहले की तरह ही पुराने रेट पर सिलेंडर मिलेगा। यानी राहत केवल कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर खरीदने वाले उपभोक्ताओं को मिली है।
दिल्ली के अलावा देश के अन्य प्रमुख शहरों में भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कमी दर्ज की गई है। कोलकाता में 209 रुपये, मुंबई में 194 रुपये और चेन्नई में 200 रुपये तक की कटौती की गई है। नई दरें शनिवार से प्रभावी हो गई हैं।
यह भी पढ़ें : देर रात गहरी खाई में गिरी कार, पांच थे सवार- दो ने तोड़ा दम
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमतों में आई नरमी का असर अब घरेलू बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। पिछले कुछ महीनों में वैश्विक परिस्थितियों के कारण गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन अब लागत कम होने के चलते तेल कंपनियों ने व्यावसायिक सिलेंडर के दाम घटाकर उपभोक्ताओं को राहत दी है।
एलपीजी सिलेंडर सस्ता होने से होटल, ढाबे, मिठाई की दुकानें, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की परिचालन लागत में कमी आएगी। कारोबारियों को उम्मीद है कि इससे उनके खर्च का बोझ कुछ कम होगा और इसका लाभ ग्राहकों तक भी पहुंच सकता है।