#यूटिलिटी

July 21, 2025

हिमाचल के सराज में फिर टूटा मौसम का कहर: भूस्खलन,बाढ़ से सहमे लोग, याद आ रही 30 जून की काली रात

सराज का प्रदेश से टूटा संपर्क, राहत कार्यों में होगी दिक्कतें

शेयर करें:

Mandi Saraj News

मंडी। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर भारी बारिश ने जमकर कहर बरपाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के लोग 30 जून को आई आपदा की पीड़ा से अभी बाहर भी नहीं निकल पाए थे, एक बार फिर सोमवार रात सराज में भूस्खलन और नदी नालों में आई बाढ़ ने यहां के लोगों को दहशत में डाल दिया है। भूस्खलन और बाढ़ के चलते एक बार फिर सराज घाटी का शेष प्रदेश से संपर्क कट गया है। 

 

दरअसल मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र में बीती रात से हो रही मूसलधार बारिश ने एक बार फिर तबाही की तस्वीरें सामने ला दी हैं। 30 जून को आई विनाशकारी आपदा की भयावह यादें अभी धुंधली भी नहीं हुई थीं कि अचानक शुरू हुई तेज बारिश, भूस्खलन और नदी.नालों में आई बाढ़ ने लोगों को फिर डर और दहशत में डाल दिया है। रविवार रात दो बजे के बाद से शुरू हुई मूसलाधार बारिश का सबसे ज्यादा असर सराज क्षेत्र और मंडी जिले के अन्य हिस्सों में देखने को मिला। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर फटा बादल : मकान, पुल और सड़कें बहीं, पति-पत्नी मलबे में दफन

छह स्थानों पर भूस्खलन

सराज क्षेत्र का बाहरी दुनिया से संपर्क एक बार फिर टूट गया है। मंडी-चैलचौक-छतरी मार्ग भारी मलबा और भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। छतरी क्षेत्र में छह स्थानों पर भूस्खलन ने मध्य सराज की ओर जाने वाले रास्तों को पूरी तरह बाधित कर दिया है। थुनाग बाजार के रिहायशी क्षेत्रों की ओर खड्ड का बहाव मुड़ जाने से स्थानीय लोग गहरे संकट में हैं। बाढ़ का पानी घरों और दुकानों के पास तक पहुंच गया है, जिससे भय और दहशत का माहौल बन गया है। संपर्क मार्ग कटने से सराज विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत कार्यों में भारी परेशानी आएगी। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में तबाही के बीच एक और दुखद खबर: दो मासूम बच्चे पानी में डूब गए

शैक्षणिक संस्थान बंद

थुनाग उपमंडल में भूस्खलन और बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र के सभी स्कूल और कॉलेजों को सोमवार को बंद रखने का आदेश जारी किया है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस स्थिति में कोई जोखिम नहीं उठाया जा सकता। 30 जून की रात जिस तरह से सराज में जन और धन की हानि हुई थी, वह अब भी लोगों के ज़ेहन में ताजा है, जिससे लोग हर छोटी प्राकृतिक हलचल पर भी सहमे हुए हैं।

मंडी जिले में हाईवे बंद 

मंडी जिले में कीरतपुर.मनाली फोरलेन राजमार्ग के 4 मील और 9 मील के पास पहाड़ से बड़े.बड़े पत्थर और मलबा गिरने के कारण सड़क अवरुद्ध हो गई है। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने सड़क खोलने के लिए जेसीबी व अन्य मशीनरी तैनात कर दी है, लेकिन लगातार बारिश के कारण राहत कार्यों में बाधा आ रही है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क को शीघ्र खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन मौसम की स्थिति ने चुनौती बढ़ा दी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट के बीच हवाई सेवाएं ठप : 142 सड़कें बंद, 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा

लगातार हो रही भारी बारिश के कारण ब्यास नदी और इसकी सहायक नदियों में जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। कई स्थानों पर खेत, रास्ते और मकान पानी में डूबने की कगार पर हैं। प्रशासन ने लोगों को सख्त चेतावनी दी है कि वे नदी.नालों से दूर रहें और सुरक्षित स्थानों की ओर रुख करें।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे के भीतर और अधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके मद्देनज़र जिला प्रशासन ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर सक्रिय कर दिए हैं और राहत.बचाव कार्यों के लिए टीमों को तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे मौसम की विस्तृत जानकारी लेने के बाद ही घरों से निकलें और भूस्खलन और बाढ़ जैसे क्षेत्रों की तरफ ना जाएं। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : गहरी खाई में गिरी ऑल्टो कार, बाप-बेटे समेत 5 थे सवार, दो ने तोड़ा दम

 

बता दें कि सराज विधानसभा क्षेत्र में 30 जून को भारी प्राकृतिक आपदा आई थी। इस प्राकृतिक आपदा में 116 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि 400 से अधिक घर पूरी तरह से तबाह हो गए थे। इस प्राकृतिक आपदा में कई लोग बेघर हो चुके हैं, जो अपने रिश्तेदारों और सरायों में शरण लिए हुए हैं। 

 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें। 

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख