#धर्म
February 22, 2026
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव संपन्न: चौहाटा में सजा देव दरबार, आदिब्रह्मा ने नगर की सुरक्षा को बांधा रक्षा सूत्र
मंडी की खुशहाली और बुरी आत्माओं से रक्षा के लिए देव आदिब्रह्मा ने बांधी कार
शेयर करें:

मंडी। सात दिन तक भक्ति और रौनक से सजी छोटी काशी अब फिर से अपने पुराने ढंग पर आ गई है। जो गलियां ढोल-नगाड़ों और जयकारों से गूंज रही थीं, वहां अब शांति है। लेकिन लोगों के दिलों में देवताओं के दर्शन और आशीर्वाद की यादें अभी भी ताजा हैं। जाते-जाते देवता सबको सुख-समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद देकर अपने-अपने धाम लौट गए, और पीछे छोड़ गए खूबसूरत यादें।
बता दें कि मंडी जिले में सात दिन तक चली रौनक, भक्ति और उत्सव के बाद अंतरराष्ट्रीय मंडी शिवरात्रि महोत्सव का समापन बेहद श्रद्धा और गरिमा के साथ हो गया। आखिरी दिन चौहाटा बाजार में भव्य देव दरबार सजा और जलेब में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा शहर भक्तिमय हो उठा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बच्चा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़- 3 अरेस्ट, एक नवजात का रेस्क्यू- पंजाब तक फैला है जाल
शहर की खुशहाली और बुरी शक्तियों से रक्षा के लिए देव आदिब्रह्मा ने ‘कार’ बांधी। देवता के गूर ने रथ के साथ पूरे शहर की परिक्रमा की और समृद्धि की कामना की। इस दौरान देवलुओं ने जौ का आटा हवा में उछालकर वातावरण को और भी पवित्र और दिव्य बना दिया। चारों ओर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
पूरे हफ्ते मंडी शहर ढोल-नगाड़ों की थाप, शहनाइयों की मधुर धुन और “जय हो देव” के जयकारों से गूंजता रहा। दूर-दराज के गांवों से देवी-देवता अपने रथों और पालकियों में सजे-धजे यहां पहुंचे थे। हर दिन अलग ही नजारा देखने को मिला, लेकिन समापन दिवस की बात ही कुछ और थी।
यह भी पढ़ें :हिमाचल : घर में तोड़फोड़ का काम बना काल- खेलते बच्चे पर गिरी ईंट, अस्पताल में तोड़ा दम
रविवार सुबह करीब छह बजे से ही चौहाटा बाजार में भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। आठ बजे तक उपायुक्त कार्यालय से लेकर बाबा भूतनाथ मंदिर तक देवी-देवताओं का भव्य दरबार सज चुका था। ऐसा लग रहा था मानो धरती पर देवलोक उतर आया हो। श्रद्धालु अपने-अपने आराध्य देव के चरणों में शीश नवाते दिखे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सुनसान जगह खड़ी कार में 2 युवतियों संग मिला एक युवक, बड़े गिरोह का हुआ पर्दाफाश
कोई नारियल और चादर चढ़ा रहा था, तो कोई परिवार की सुख-शांति की मन्नत मांग रहा था। नवविवाहित जोड़े खुशहाल दांपत्य जीवन का आशीर्वाद लेने पहुंचे, वहीं छोटे बच्चों को कंधों पर उठाए माता-पिता उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते नजर आए। बुजुर्ग भी आस्था के साथ अपने देवों के दर्शन कर भावुक हो उठे।
समापन पर पारंपरिक चौहटा जातर का आयोजन हुआ। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे देवी-देवता अपने-अपने मूल स्थानों की ओर रवाना होने लगे। इस दौरान देव मिलन की भी सुंदर परंपरा निभाई गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, शादी करूंगा कह युवक ने कई बार नोची युवती; अब मुकरा
उपायुक्त एवं मेला कमेटी अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने राज राजेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर सभी देवी-देवताओं को चादर और भेंट देकर ससम्मान विदा किया। माहौल भावुक भी था और भक्ति से भरा हुआ भी।
दूसरे वर्ष सेरी चानणी में विराजमान होने पहुंचे बड़ा देव कमरूनाग भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। पिछले सात दिनों से वह माता टारना मंदिर में विराजमान थे। रविवार सुबह सात बजे वहां से प्रस्थान कर नौ बजे सेरी चानणी पहुंचे।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू की बड़ी पहल- गरीब बेटियों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी सरकार, हर महीने देगी इतने पैसे
भारी भीड़ के चलते पुलिस को लोगों को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे तक सीढ़ियों पर विराजमान रहकर बड़ा देव ने भक्तों को आशीर्वाद दिया और फिर साढ़े दस बजे वहां से अपने धाम के लिए रवाना हो गए। पिछले वर्ष वह सेरी चानणी में नहीं बैठे थे, इसलिए इस बार उनके आगमन से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।