#राजनीति
October 16, 2025
हिमाचल कांग्रेस को एकजुट कर वापस लौटा गांधी परिवार, सोनिया-राहुल-प्रियंका दिल्ली रवाना
वीरभद्र की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को लेकर आई थी सोनिया प्रियंका
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में जुटे कांग्रेस के तीन दिग्गज नेता आज वापस दिल्ली लौट गए हैं। कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी अपने बेटे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा आज गुरुवार सुबह शिमला प्रवास पूरा कर दिल्ली लौट गए। तीनों नेता सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट पर सड़क मार्ग से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए और वहां से हेलिकॉप्टर के ज़रिए दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
गौरतलब है कि सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा 12 अक्टूबर को शिमला पहुंची थीं। 13 अक्टूबर को दोनों ने शिमला के रिज पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम हिमाचल कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा था। सोनिया गांधी इस कार्यक्रम की मुख्यातिथि की और उन्होंने ही स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया था। वहीं, राहुल गांधी 14 अक्टूबर को शिमला पहुंचे। हालांकि चुनावी व्यस्तता के कारण वह प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन अगले दिन उन्होंने शिमला में परिवार के साथ समय बिताया।
बता दें कि स्व वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण के बहाने हिमाचल पहुंचे कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश कांग्रेस को एकजुटता का संदेश दिया है। शीर्ष नेतृत्व के आगमन से हिमाचल कांग्रेस में भी जोश भर गया है। प्रियंका गांधी ने तो मंच से ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की तारीफ कर दी थी।
गांधी परिवार ने अपने शिमला प्रवास के दौरान छराबड़ा स्थित प्रियंका वाड्रा के घर पर ठहराव किया। पहाड़ी वास्तुकला में बना यह घर अक्सर गांधी परिवार की छुट्टियों का ठिकाना रहता है। पार्टी सूत्रों के अनुसार तीनों नेताओं ने यहां दो दिन शांतिपूर्ण माहौल में बिताए। हालांकि सूत्रों से इस बात की भी जानकारी सामने आई थी कि कांग्रेस के यह तीनों शीर्ष नेता शिमला के छराबड़ा में ही दिवाली तक रूक सकते हैं और यहीं पर दिवाली मनाने के बाद वापस लौट सकते हैं। लेकिन तीन नेता इससे पहले ही आज दिल्ली लौट गए हैं।
दिल्ली लौटने के बाद राहुल गांधी अपने चुनावी कार्यक्रमों में व्यस्त हो जाएंगे। बताया जा रहा है कि वे आज ही बिहार में एक चुनावी रैली को संबोधित कर सकते हैं। वहीं, सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा भी आगामी लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपने निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
गांधी परिवार का शिमला से पुराना जुड़ाव रहा है। छराबड़ा में बने प्रियंका वाड्रा के घर में परिवार साल में कई बार छुट्टियां बिताने आता है। हिमाचल की शांत वादियों में गांधी परिवार का यह प्रवास हमेशा चर्चा का विषय रहता है। इस बार भी सोनिया, प्रियंका और राहुल गांधी का दौरा राजनीतिक हलकों में खूब चर्चा में रहा।