#राजनीति

December 20, 2025

आज हिमाचल आ रहे हैं अमित शाह- CM सुक्खू की मांगो का बस्ता तैयार, राहत पैकेज पर सबकी नजर

सीएम सुक्खू उठाएंगे 1500 करोड़ पैकेज का मुद्दा

शेयर करें:

amit shah in himachal

कांगड़ा। हिमाचल की सियासत और सुरक्षा व्यवस्था आज एक साथ हाई अलर्ट पर है। वजह है केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का प्रदेश दौरा, जिसने प्रशासन से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल बढ़ा दी है। जहां सपड़ी में एसएसबी के स्थापना दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं आसमान से ज़मीन तक सुरक्षा का कड़ा पहरा बैठा दिया गया है। इस दौरे को सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हिमाचल के लिए बड़ी राहत की उम्मीद से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

आज कांगड़ा पहुंचेंगे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शनिवार को हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे कांगड़ा जिले के सपड़ी स्थित सशस्त्र सीमा बल प्रशिक्षण केंद्र के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। गृह मंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।

 

यह भी पढ़ें :  हिमाचल में मौसम ने बदला मिजाज- बर्फबारी का अलर्ट हुआ जारी, ड्राइ स्पेल टूटने की उम्मीद

सपड़ी पहुंचकर CM सुक्खू करेंगे स्वागत

प्रदेश के CM सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं सपड़ी पहुंचकर केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत करेंगे। इस दौरान राज्य और केंद्र से जुड़े कई अहम मुद्दों पर दोनों नेताओं के बीच बातचीत होने की संभावना है।

एयरो-स्पोर्ट्स और हवाई गतिविधियों पर रोक

गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर ज्वालामुखी सब डिवीजन में आज सभी प्रकार की हवाई गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रशासन ने पैराग्लाइडिंग, ड्रोन उड़ान, हॉट एयर बैलूनिंग सहित सभी एयरो-स्पोर्ट्स पर पूरी तरह रोक लगा दी है।

 

यह भी पढ़ें : HRTC बस में थप्पड़ों की बारिश : महिला की टिकट को लेकर भिड़े कंडक्टर-अधिकारी, केस दर्ज

 

यह फैसला वीवीआईपी सुरक्षा, सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। हालांकि ये प्रतिबंध पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों और अधिकृत निगरानी एजेंसियों पर लागू नहीं होंगे। आदेशों का उल्लंघन करने पर IPC की धारा 188 सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

CM सुक्खू उठाएंगे 1500 करोड़ पैकेज का मुद्दा

गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष मुख्यमंत्री सुक्खू हिमाचल से जुड़े अहम मसलों को रख सकते हैं। खासतौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आपदा राहत के लिए घोषित 1500 करोड़ रुपए के विशेष पैकेज को जल्द जारी करने की मांग उठाए जाने की संभावना है। प्रधानमंत्री ने इस पैकेज की घोषणा 9 सितंबर को धर्मशाला दौरे के दौरान की थी, लेकिन ढाई महीने बीतने के बावजूद यह राशि अभी तक जारी नहीं हो पाई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: शादी करूंगा कह युवती को घर ले गया युवक, दो माह नोचने के बाद बाहर निकाल दी

केंद्र की टीमें कर चुकी हैं दौरा

प्रधानमंत्री के बाद केंद्र सरकार ने सात केंद्रीय मंत्रियों को भी प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में आपदा का जायजा लेने भेजा था। इसके अलावा केंद्रीय अधिकारियों की टीमें दो बार हिमाचल आकर नुकसान का आकलन कर चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक राहत राशि जारी न होने से प्रदेश सरकार में नाराजगी है। ऐसे में अमित शाह के दौरे से राहत राशि मिलने की उम्मीद एक बार फिर बंध गई है।

सपड़ी क्षेत्र में यातायात प्रतिबंध

गृह मंत्री के कार्यक्रम के चलते सपड़ी क्षेत्र में यातायात प्रतिबंध भी लागू रहेगा। 20 दिसंबर को सुबह 11:15 बजे से मुख्य अतिथि के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने तक और दोपहर 2 बजे से कार्यक्रम समाप्ति और वापसी तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में कैमरे की चमक से दूर रहेंगे पुलिसवाले, मीडिया इंटरव्यू पर भी लगी रोक- नए नियम जारी

SSB जवानों ने किया परेड अभ्यास

गृह मंत्री के दौरे से पहले सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने परेड और सुरक्षा व्यवस्थाओं का अभ्यास किया। वहीं राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री के दौरे से पहले शहर में जगह-जगह प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के पोस्टर लगाए हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख