#राजनीति

October 28, 2025

जयराम बोले-सुख की ये सरकार ही आपदा, मित्रों के घर भरने- BJP को कोसने में बिताए 3 साल

जयराम ठाकुर आपदा पीड़ितों को देंगे अपना तीन माह का वेतन 

शेयर करें:

jairam attack Sukhu Govt

मंडी। हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर आज मंडी जिला के बाली चौकी पहुंचे हुए थे। यहां उन्होंने जहां आपदा प्रभावितों से मुलाकात की। वहीं सुक्खू सरकार को जमकर घेरा। जयराम ठाकुर ने जहां सुक्खू सरकार को अपने आप में एक आपदा बताया, वहीं उन्हांेने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने अपने तीन साल का कार्यकाल अपने मित्रों के घर भरने और भाजपा नेताओं को कोसने में बिता दिए। 

कांग्रेस ने जनता की पीड़ा से मोड़ा मुंह

जयराम ठाकुर ने बालीचौकी में सत्तासीन कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार में काम करने की इच्छा पूरी तरह से समाप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि संकट और आपदा के समय जनता को सरकार से उम्मीद रहती है कि वह मदद के लिए आगे आएगी, लेकिन मौजूदा कांग्रेस सरकार ने लोगों की पीड़ा से मुंह मोड़ लिया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: किराये पर दुकान नहीं दी, तो सिरफिरे ने आठ दुकानों को लगा दी तीली; कर दी खाक

जिम्मेदारी से भाग रही सुक्खू सरकार

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा ने हजारों परिवारों को तबाह कर दिया, लेकिन कांग्रेस सरकार ने राहत और पुनर्वास के नाम पर केवल बयानबाज़ी की है। उन्होंने कहा कि जब लोगों के घर टूट गए, खेत बह गए और परिवार खुले आसमान के नीचे हैं, उस समय मुख्यमंत्री सुक्खू और उनके मंत्री सियासी मंचों से केवल भाजपा को कोसने में व्यस्त हैं। यह सरकार जिम्मेदारी से भाग रही है और जनता के दुखों से पूरी तरह बेपरवाह हो चुकी है।

 

यह भी पढ़ें : मंत्री जगत नेगी बोले- अगले मुख्यमंत्री के रूप में नाम कटने से विचलित हो रहे हैं जयराम ठाकुर

तीन साल का कार्यकाल बना जनता के लिए अभिशाप

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मौजूदा सरकार का तीन साल का कार्यकाल प्रदेश के इतिहास में सबसे अधिक त्रासदी भरा रहा है। विकास की दिशा में कोई ठोस काम नहीं हुआ, बल्कि सत्ता संभालते ही कांग्रेस सरकार ने भाजपा सरकार के समय जनता की मांग पर खोले गए लगभग दो हजार संस्थान बंद कर दिए। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में आपदा आई, तब सरकार ने राहत देने की बजाय खजाना खाली है का बहाना बनाकर लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया। ऐसे में जहां प्राकृतिक आपदा ने लोगों से घर छीने, वहीं इस सरकार ने उनकी उम्मीदें भी छीन लीं।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का व्यवस्था परिवर्तन, 4 टॉप कुर्सियों पर कार्यवाहक अधिकारी, राज्यपाल ने लिया संज्ञान

वीरभद्र सिंह जनता के नेता थे

अपने संबोधन में जयराम ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह हर वर्ग का ध्यान रखते थे और जनता की जरूरतों के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह किसी भी गांव में एक बच्चे के लिए भी स्कूल खोल देते थे, क्योंकि उनके लिए विकास सर्वोपरि था। लेकिन मौजूदा मुख्यमंत्री ने व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर केवल संस्थान बंद करने और बदले की राजनीति को बढ़ावा देने का काम किया है।

 

यह भी पढ़ें : घर से झूठ बोलकर निकला था राजीव, अब गोबिंद सागर में मिली देह- जानें क्या है मामला

चार महीने बाद भी राहत नहीं

जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा को बीते चार महीने से अधिक का समय हो गया है, लेकिन अब तक कई प्रभावित क्षेत्रों में न तो मुख्यमंत्री पहुंचे हैं और न ही कोई मंत्री। उन्होंने कहा कि लोगों को फौरी राहत तक नहीं मिली है। कई परिवार आज भी ठंड के मौसम में दूसरों के घरों में रातें गुजारने को मजबूर हैं। सरकार को कम से कम अस्थायी टेंट और राहत सामग्री उपलब्ध करवानी चाहिए थी, लेकिन इस दिशा में कोई गंभीर कदम नहीं उठाया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मोड़ पर अचानक ड्राइवर ने खोया बैलेंस, नहीं बच पाए 2- मासूम की हालत नाजुक

आपदा पीड़ितों को तीन माह का वेतन करूंगा समर्पित

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार की नाकामी से आहत होकर उन्होंने निर्णय लिया है कि वे अपने तीन माह का वेतन पूरी तरह से उन परिवारों को समर्पित करेंगे जिनके घर आपदा में तबाह हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की समस्याओं को उठाने से पीछे नहीं हटेगी, चाहे सरकार कितनी भी रोकने की कोशिश करे।

सुक्खू सरकार खुद बन गई आपदा


उन्होंने कहा कि यह सरकार खुद एक आपदा बन चुकी है। जनता ने उसे विकास के लिए चुना था, लेकिन उसे बदले की राजनीति, उपेक्षा और अव्यवस्था मिली। अब जनता ही इसका जवाब देगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार ने न केवल प्रदेश की आर्थिक स्थिति को कमजोर किया है, बल्कि जनता के भरोसे को भी गहरा आघात पहुंचाया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख