#राजनीति
February 28, 2025
हिमाचल कांग्रेस को जल्द मिलेगा नया सरदार: रजनी पाटिल बड़े नेताओं से आज करेंगी वन टू वन चर्चा
साढ़े तीन महीने से बगैर संगठन के कांग्रेस- आज होगा बड़ा फैसला
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की नव नियुक्त प्रभारी रजनी पाटिल बीती रात शिमला पहुंच गई हैं। वह 2 दिनों तक शिमला में पार्टी नेताओं से फीडबैक लेकर प्रदेश में नया संगठन बनाने पर चर्चा करेंगी। उनके दौरे से कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है और पार्टी में अध्यक्ष पद को लेकर चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
रजनी पाटिल ने आज से शिमला में पार्टी के नेताओं से मीटिंग्स की शुरुआत की। उन्होंने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पूर्व अध्यक्षों, कांग्रेस के विधायक, 2022 विधानसभा चुनाव में पार्टी के सभी प्रत्याशियों और फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के प्रमुखों को शिमला बुलाया है। पाटिल इन नेताओं से नए संगठन के बारे में फीडबैक लेंगी जिसके आधार पर कांग्रेस का नया संगठन बनाया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बर्फबारी का असर: सड़कें बंद, स्कूलों में छुट्टियां- दुनिया से कटा ट्राइबल एरिया
रजनी पाटिल का दौरा कांग्रेस प्रदेश में संगठन को लेकर चर्चाओं का केंद्र बन गया है। सबसे बड़ी चर्चा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को लेकर है। क्या उन्हें बदला जाएगा या फिर उनका कार्यकाल बढ़ाया जाएगा, यह सवाल पार्टी के भीतर प्रमुख है। रजनी पाटिल इस मुद्दे पर भी नेताओं के साथ विचार-विमर्श करेंगी।
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बीते सप्ताह दिल्ली में रजनी पाटिल से मुलाकात की थी और उन्हें हिमाचल आने का न्योता दिया था। अब जब वह शिमला पहुंच चुकी हैं, तो उनका स्वागत पार्टी नेताओं द्वारा किया गया है। बताते चलें कि प्रभारी बनने के बाद यह उनका शिमला का पहला दौरा है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने पलट दिया अपना ही फैसला, ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं लेंगे पानी का बिल
हिमाचल कांग्रेस में संगठन की स्थिति पिछले कुछ समय से असमंजस में रही है। पिछले साल नवंबर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्य, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी को भंग कर दिया था, जिसके बाद से प्रदेश में नया संगठन नहीं बन पाया है। यह स्थिति कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच निराशा का कारण बन गई है।
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने प्रदेश में कांग्रेस संगठन को "पैरालाइज्ड" तक बता दिया था, जिससे पार्टी की स्थिति और भी मुश्किल हो गई थी। इस स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दिल्ली जाकर रजनी पाटिल से जल्द नया संगठन बनाने की अपील की थी। उनके दौरे को इस संदर्भ में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने तलाश लिया हड़ताली पटवारी-काननूगो का विकल्प, कार्रवाई की भी तैयारी
रजनी पाटिल आज सुबह से ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मीटिंग्स में व्यस्त हैं। उन्होंने सबसे पहले हिमाचल में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव इंचार्ज और प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी को मीटिंग के लिए बुलाया है। दोपहर में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के साथ भी बैठक करेंगी। 3 बजे मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्रियों की बैठक होगी।
कल यानी एक मार्च को रजनी पाटिल कांग्रेस के सभी विधायकों और 2022 विधानसभा चुनाव के पार्टी प्रत्याशियों से मिलेंगी। इन सभी मीटिंग्स के बाद पाटिल शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी, जहां वह अपने दौरे के निष्कर्ष साझा करेंगी।
यह भी पढ़ें : मंत्री अनिरुद्ध का तंज: कहां पैदा हुए नरेंद्र मोदी? जहां इलेक्शन-वहीं बता देते हैं अपना घर
रजनी पाटिल दो मार्च को शिमला से दिल्ली रवाना होंगी, जहां वह हाईकमान को रिपोर्ट सौंपेगी और नया संगठन बनाने का आग्रह करेंगी। बता दें कि रजनी पाटिल का शिमला दौरा कांग्रेस में नए संगठन की दिशा तय करेगा। इस दौरे से पार्टी नेताओं में नई उम्मीदें पैदा हुई हैं और प्रदेश कांग्रेस में जल्द ही नए संगठन के गठन की संभावना जताई जा रही है।