#राजनीति
February 13, 2025
हिमाचल BJP अध्यक्ष पद के फैसले से पहले अमित शाह से मिले सुधीर-आशीष, गरमाई सियासत
हिमाचल में प्रदेश अध्यक्ष पद की रेस में शामिल नेताओं की बढ़ी धुकधुकी
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश भाजपा में एक बार फिर सियासी गरमाहट पैदा हो गई है। हिमाचल प्रदेश भाजपा को अब जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है। प्रदेश अध्यक्ष का अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान को करना है। लेकिन उससे ठीक पहले कांग्रेस के बागी सुधीर शर्मा ने हिमाचल की सर्द फिजाओं में सियासी गरमाहट ला दी है।
यह भी पढ़ें : PM मोदी ने फ्रांस में पहनी हिमाचली टोपी- सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
सुधीर शर्मा और हमीरपुर के भाजपा विधायक आशीष शर्मा ने दिल्ली में गृह अमित शाह से मुलाकात की है। इस मुलाकात की सियासी गलियारों में काफी चर्चा है। सुधीर शर्मा और आशीष शर्मा की अमित शाह से भाजपा के उन नेताओं की धुकधुकी बढ़ गई है, जो हिमाचल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद की रेस में शामिल हैं।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के छह बागी विधायकों सहित तीन निर्दलीयों ने भाजपा ज्वाइन कर ली थी। भाजपा ने उपचुनाव में इन्हें टिकट भी दे दिया, लेकिन कहीं ना कहीं कांग्रेस से भाजपा में आए इन नेताओं को बीजेपी के पुराने नेता और कार्यकर्ताओं ने दिल से नहीं अपनाया और उन्हें टिकट देने का विरोध भी किया।
भाजपा के पुराने और कांग्रेस से आए नेताओं के बीच मनमुटाव अभी हाल ही में हुए जिला और ब्लॉक अध्यक्षों के चुनाव के समय भी देखने को मिला था। जिसमें भाजपा के पुराने नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस से आए नेताओं और उनके कार्यकर्ताओं को पदों पर तैनाती का विरोध करते रहे थे। अब प्रदेश में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होने जा रहा है। ऐसे में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा और आशीष शर्मा की अमित शाह से मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सुधीर शर्मा और आशीष शर्मा ने प्रदेश के हालातों को लेकर चर्चा की है। वहीं अभी हाल ही में सुधीर शर्मा और उनके परिवार को मिली जान से मारने की धमकी की जानकारी भी उन्होंने अमित शाह को दी है। विधायक सुधीर शर्मा ने इस विषय को गृहमंत्री अमित शाह के समक्ष रखा है।
बताया जा रहा है कि सुधीर शर्मा ने केंद्र से हिमाचल को मिल रही फंडिंग के दुरुपयोग का मामला भी गृहमंत्री अमित शाह के समक्ष रखा है। सुधीर शर्मा ने बताया कि है हिमाचल प्रदेश में अब मंत्री भी मुख्यमंत्री के खिलाफ आवाज उठाने लगे हैं। कुल मिलाकर सुधीर और आशीष शर्मा की गृह मंत्री से यह मुलाकात हिमाचल के सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीब बिंदल का कार्यकाल जल्द ही खत्म होने वाला है। हिमाचल भाजपा को अब जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष का निर्णय बहुत पहले होना था, लेकिन दिल्ली विधानसभा चुनाव के चलते पार्टी हाईकमान ने इसे चुनावों के बाद के लिए टाल दिया था। अब दिल्ली चुनाव संपन्न होने के बाद हिमाचल में एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए लॉबिंग शुरू हो गई है।