#विविध
November 6, 2025
हिमाचली ने विदेशी मेम से रचाई शादी - पहले लिए सात फेरे, फिर इंग्लिश में ट्रांसलेट कर समझाए वचन
तीन साल पहले हुई थी विनय और मारिया की दोस्ती
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश इन दिनों शादियों को लेकर बेहद चर्चा में बना हुआ है। अब एक बार फिर हिमाचल में एक अनोखी शादी हुई है- जिसकी हर ओर चर्चा हो रही है। कहते हैं कि प्रेम जाती पाती और सरहदें नहीं देखता। प्यार किसी भी धर्म समुदाय या संस्कृति से नहीं बंधा होता है।
वहीं, हिमाचल की संस्कृति और यहां के लोग पूरे देश को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। हिमाचल के कई युवाओं ने विदेशी मेमों के साथ शादी रचाई है और आज सुखी जीवन जी रहे हैं। अब ऐसी ही एक और शादी हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला में भी हुई है।
आपको बता दें कि चंबा जिले के सिमनी गांव का रहने वाला युवा विनय ठाकुर इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। वजह है उनका विवाह, जो सरहदों को जोड़ने वाला एक खूबसूरत उदाहरण बन गया है। विनय ने अपने जीवन साथी के रूप में फिलिपींस की रहने वाली मारिया को चुना।
दोनों ने पठानकोट के एक होटल में भारतीय रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाह बंधन में कदम रखा। शादी समारोह में दूल्हा-दुल्हन दोनों परिवारों में खुशी और अपनत्व का माहौल देखने को मिला।
मारिया के माता-पिता, भाई और बहन भी फिलिपींस से भारत पहुंचे और उन्होंने मेहंदी, हल्दी, वरमाला सहित सभी पारंपरिक अनुष्ठानों में पूरे उत्साह से भाग लिया। भारतीय संस्कृति और परिवारों की आत्मीयता ने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया।
विवाह के दौरान जब पंडित जी ने सात फेरे और वचन हिंदी में पढ़े तो मारिया के लिए इन्हें अंग्रेज़ी में समझाया गया। मारिया ने बताया कि उन्हें विशेष रूप से वह वचन दिल को छू गया जिसमें दुल्हन के परिवार का सम्मान और मान-सम्मान को सबसे ऊपर रखा जाता है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि इसी बात ने मुझे महसूस कराया कि भारतीय संस्कृति रिश्तों को कितनी ईमानदारी से निभाती है।
करीब तीन साल पहले विनय और मारिया की मुलाकात ईस्ट अफ्रीका में हुई थी, जहाँ दोनों एक ही कंपनी में सिविल इंजीनियर के रूप में काम कर रहे थे। साथ काम करते-करते दोस्ती हुई, फिर रिश्ते में अपनापन और समझदारी बढ़ी, और आखिरकार एक दिन विनय ने मारिया को प्यार का इजहार किया।
मारिया ने मुस्कुराते हुए बताया कि विनय बहुत शांत स्वभाव के हैं। वह महिलाओं की इज्जत करना जानते हैं। मुझे कभी असहज महसूस नहीं होने दिया- यही वजह है कि मैं इस रिश्ते को आगे बढ़ाना चाहती थी। उन्होंने बताया कि शुरुआत में दोनों परिवारों को मनाने में थोड़ा समय लगा, लेकिन अंततः प्यार ने दूरी, संस्कृति, भाषा और देशों की सभी सीमाएं तोड़ दीं।
अब मारिया हिंदी सीख रही हैं। उन्होंने कहा कि परिवार में यहां सब पहाड़ी या हिंदी बोलते हैं, अंग्रेजी समझ नहीं आती है। इसलिए अब वो हिंदी सीख रही हैं ताकि तालमेल बना रहा। उन्होंने बतायात कि मुझे यहां के भारतीय खाने से प्यार हो गया है खासतौर पर पानी पुरी से।
मारिया को भारतीय संगीत भी पसंद है। कार्यक्रम में उन्होंने “पहले भी मैं… तुमसे मिली हूं…” गीत भी गुनगुनाया, जिसे सुनकर दोनों परिवारों के चेहरे खिल उठे। फिलहाल दोनों अलग-अलग देशों में नौकरी कर रहे हैं। इस समय विनय जॉर्जिया में नौकरी कर रहे हैं, जबकि मारिया अफ्रीका में अपनी नौकरी जारी रखे हुए हैं। दोनों ने कहा कि वे बहुत जल्द साथ रहने की योजना बना रहे हैं और अपना नया जीवन समान उत्साह और सम्मान से आगे बढ़ाएंगे।