#विविध
December 15, 2025
हिमाचल में बर्फबारी, शिंकुला दर्रा में पर्यटकों का उमड़ा सैलाब, घने कोहरे का अलर्ट जारी
हिमाचल में सूखी ठंड का प्रकोप, शीत लहर ने भी बढ़ाई कंपकंपी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। लगातार तीसरे दिन पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गईए जिससे ठंड में इजाफा हो गया है। सोमवार सुबह करीब 13,050 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रा सहित लाहौल की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ। बर्फबारी के चलते पूरे क्षेत्र में शीतलहर का असर बढ़ गया है। राजधानी शिमला और कुल्लू में भी सुबह से बादल छाए रहे, जिससे तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। लंबे समय से बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे किसान और बागवानों के लिए यह मौसम राहत भरा माना जा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आने वाले एक सप्ताह तक मौसम में उतार.चढ़ाव बना रह सकता है। 17 दिसंबर के आसपास एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते 20 और 21 दिसंबर को ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं कुछ मैदानी क्षेत्रों में सुबह और रात के समय घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मोदी तेरी क*ब्र खुदेगी...नारों पर भड़की भाजपा, माफी मांगे CM सुक्खू - सोनिया गांधी
वहीं पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे भी खिल गए हैं। पर्यटन नगरी मनाली से होकर सैलानी अटल टनल के रास्ते शिंकुला दर्रा पहुंच रहे हैं। दर्रे में मौजूद बर्फ के बीच पर्यटक जमकर मस्ती करते नजर आ रहे हैं। लाहौल.स्पीति प्रशासन ने मौसम को ध्यान में रखते हुए फिलहाल केवल फोर.बाई.फोर वाहनों को ही शिंकुला दर्रे तक जाने की अनुमति दी है।
सैलानियों की आवाजाही से लाहौल घाटी में पर्यटन कारोबार को भी गति मिली है। स्थानीय लोगों ने दर्रे को सशर्त खोलने के फैसले के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया है। जिला परिषद सदस्य कुंगा बौद्ध ने बताया कि यदि आगामी दिनों में ताजा बर्फबारी होती है तो सुरक्षा कारणों से दर्रा अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता हैए हालांकि सैलानी अटल टनल से जुड़े अन्य क्षेत्रों में बर्फ का आनंद ले सकेंगे।
मौसम विभाग ने मंडी और बिलासपुर जिलों के लिए घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को राजधानी शिमला में दिनभर मौसम साफ रहा, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को राहत मिली।
वहीं, कुल्लू और मनाली क्षेत्र में आंशिक रूप से बादल छाए रहे, लेकिन किसी भी तरह की वर्षा या बर्फबारी नहीं हुई। इसके विपरीत मैदानी इलाकों में कोहरे का असर साफ तौर पर देखा गया। बिलासपुर में घना कोहरा छाने से सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो गई, जबकि मंडी जिले में हल्का कोहरा दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि आज और कल दिसंबर को प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में कोहरे की स्थिति और गंभीर हो सकती है। विशेष रूप से बिलासपुर में भाखड़ा बांध के जलाशय से सटे इलाकों तथा मंडी के बल्ह क्षेत्र में घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, ताकि लोग समय रहते सावधानी बरत सकें।
उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर से प्रदेश में एक नया, हालांकि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, लेकिन फिलहाल किसी बड़े मौसमीय व्यवधान के संकेत नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार 20 दिसंबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना रहेगा।
20 दिसंबर को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। इसके बाद सप्ताह के शेष दिनों में मौसम के शुष्क बने रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आएगा।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर प्रशासन ने वाहन चालकों, विशेषकर सुबह और देर रात यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कोहरे के कारण सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए लोगों से धीमी गति से वाहन चलाने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है।