#विविध

January 17, 2026

हिमाचल में लंबे समय बाद टूटेगा ड्राइ स्पेल: पहली बार जारी हुआ बारिश-बर्फबारी का अलर्ट; जानें कितने दिन

हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा हिमपात, लाहौल का रूख कर रहे पर्यटक

शेयर करें:

Himachal Snowfall

शिमला। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम का दौर अब खत्म होने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पहली बार हिमाचल में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। विभाग के इस अनुमान के बाद प्रदेश में लंबे समय से चला आ रहा ड्राइ स्पेल टूट सकता है। वहीं पर्यटकों के साथ साथ हिमाचल के किसानों बागवानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

 

दरअसल हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 23 जनवरी से प्रदेश भर के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। यह इस सर्दी के मौसम का पहला बड़ा अलर्ट माना जा रहा है, जिससे न केवल ठंड बढ़ेगी, बल्कि किसानों और बागवानों की चिंता भी कुछ हद तक कम हो सकती है। वहीं पर्यटन से जुड़े कारोबारियों के लिए भी यह उम्मीद की किरण मानी जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: तेज रफ्तार ने छीन लिया एक और बेटा, अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक ने तोड़ा दम 

23 जनवरी को बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार 17 से 21 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ कमजोर बना रहेगा। इस दौरान केवल अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं, जबकि मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम साफ बना रहेगा। 22 जनवरी से पूरे प्रदेश में मौसम खराब होना शुरू होगा और 22 की रात से 23 जनवरी तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और ऊंचे इलाकों में अच्छी बर्फबारी की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि यह सिस्टम सक्रिय रहा, तो जनवरी में पहली बार व्यापक स्तर पर बारिश.बर्फबारी देखने को मिल सकती है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : खेत में गए बेटे को इस हाल में मिली मां, थम चुकी थी सांसें; पति से थी परेशान

ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की शुरुआत

मौसम बदलने के संकेत पहले ही दिखाई देने लगे हैं। बीती रात लाहौल स्पीति और चंबा की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। शिंकुला दर्रे में करीब 4 इंच तक ताजा बर्फ गिरी, जिससे तापमान में गिरावट आई है। बर्फबारी के चलते शिंकुला दर्रे की ओर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगानी पड़ी। शनिवार को लाहौल घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों के साथ.साथ कुछ रिहायशी क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई, जिससे सड़कों पर फिसलन बढ़ गई। ब्लैक आइस के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कई सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : दो युवकों ने पीट दिया ड्यूटी पर तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल, वाहन को टक्कर मार भागे थे

बर्फ की तलाश में पर्यटक

मनाली और आसपास के इलाकों में अब तक बर्फबारी न होने से पर्यटक निराश जरूर हैं, लेकिन अटल टनल के रास्ते लाहौल घाटी पहुंचकर वे बर्फ का नजारा देख पा रहे हैं। लाहौल में बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। सैलानियों को धीमी गति से वाहन चलाने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी जा रही है।

तापमान में उछाल, फिर गिरावट की उम्मीद

बारिश.बर्फबारी से पहले प्रदेश में तापमान में असामान्य बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीती रात शिमला और चौपाल को छोड़कर लगभग सभी शहरों के न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक का उछाल आया। कुछ क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 8 डिग्री तक ऊपर चला गया। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में एक बार फिर तेज गिरावट आएगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में इंटरस्टेट ड्रग तस्करी का पर्दाफाश, नोएडा-मेघालय से आ रही थी खेप; युवती सहित 9 धरे

किसानों और बागवानों की निगाहें आसमान पर

लंबे ड्राइ स्पेल ने हिमाचल के किसानों और बागवानों की परेशानी बढ़ा दी है। गेहूं, जौ और सब्जियों की फसलों पर सूखे का असर साफ दिखने लगा है, जबकि सेब बहुल इलाकों में पर्याप्त ठंड और बर्फ न पड़ने से बागवानों को फसल खराब होने का डर सता रहा है। किसानों का कहना है कि यदि इस बार अच्छी बारिश और बर्फबारी होती है, तो जमीन में नमी लौटेगी और फसलों को राहत मिलेगी। सेब बागवानों के लिए भी यह मौसम बेहद अहम है, क्योंकि बर्फबारी से चिलिंग आवर्स पूरे होने की उम्मीद बनती है।

 

यह भी पढ़ें : कांग्रेस की कलह पर अनुराग ठाकुर ने दिए राजनीतिक उलटफेर के संकेत, "ऑपरेशन लोटस" की चर्चा तेज

प्रशासन अलर्ट, लोगों से सावधानी बरतने की अपील

बर्फबारी और फिसलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में जाने वाले सैलानियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख