#विविध
September 22, 2025
हिमाचल : घर पहुंची शहीद की पार्थिव देह, तिरंगे में लिपटे बलदेव को देख बेसुध हुई मां और पत्नी
जम्मू-कश्मीर में मिली बलेदव को शहादत
शेयर करें:
बिलासपुर। वीरभूमि हिमाचल के बिलासपुर जिले का बेटा बलदेव चंद जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गया है। शहीद बलदेव की पार्थिव देह आज उनके पैतृक गांव पहुंच गई है- जहां पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
35 वर्षीय बलदेव चंद भारतीय सशस्त्र बल में लांस दफेदार थे। शुक्रवार रात जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान बलदेव चंद को गोली लग गई और वो शहीद हो गए। परिजनों को कल सुबह फोन पर बेटे की शहादत की खबर मिली।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर में घुसकर व्यक्ति पर चलाया दरा*ट, पुलिस ने चार सगे भाई किए अरेस्ट
बलदेव अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बलदेव के घर पर उनके माता-पिता, पत्नी शिवानी, सात साल का बेटा ईशान और एक छोटा भाई है। परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जबकि, पूरे इलाके में माहौल गमगीन बना हुआ है।
बलदेव के घर पर बीते कल से ही लोगों का जुटना शुरू हो गया था। बलदेव की पार्थिव देह घर में कुछ देर अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को रखा जाएगा और फिर राजकीय सम्मान के साथ बलदेव को अंतिम विदाई दी जाएगी। बलदेव को तिरंगे में लिपटा देख उनकी मां और पत्नी बेसुध हो गईं।
बताया जा रहा है कि बलदेव चंद साल 2011 में भारतीय सेना में बतौर सिपाही भर्ती हुए थे। वर्तमान में बलदेव 4 राष्ट्रीय राइफल्स (बिहार) में लांस दफेदार के पद पर तैनात थे। 15 साल तक देश की सेवा करने के बाद शुक्रवार रात को वह आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हो गए।
शहीद बलदेव चंद के पिता ने बताया कि बीती 3 अगस्त को ही बलदेव छुट्टी काटकर घर से ड्यूटी लौटा था। उसने जल्द ही वापस छुट्टी आने का वादा किया था। उन्होने बताया कि 17 सितंबर को बलदेव से उनकी फोन पर बात हुई थी। बलदेव ने बताया था कि वो ठीक-ठाक है। एक ऑपरेशन में है- तीन-चार लग जाएंगे।
बताया जा रहा है कि ऑपरेशन के दौरान बलदेव ने कई आतंकियों को ढेर किया, लेकिन वो खुद भी इस मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां मौजूद साथियों द्वारा बलदेव को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां पर इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बलदेव के पिता हवलदार बिशन दास आर्मी से रिटायर हैं। बलदेव की शहादत की खबर मिलने के बाद उनके घर पर आसपास के क्षेत्र के लोगों ने जुटना शुरू कर दिया है।
वहीं, प्रदेश के मुखिया सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी बलदेव की शहादत पर दुख जताते हुए फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर की है। उन्होंने लिखा कि-
बिलासपुर जिला की झंडूता तहसील के निवासी हवलदार श्री बलदेव चंद जी आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में घायल हो गए थे। आज उनके निधन का दुःखद समाचार सुनकर मन वेदना से भर गया।
देश की सेवा में एक कर्तव्यनिष्ठ सैनिक के रूप में उनका योगदान हमेशा अमर रहेगा। देश उनके बलिदान का हमेशा ऋणी रहेगा। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को दुःख की इस घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें। मेरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिवार के साथ हैं।