#विविध
March 19, 2026
हिमाचल : दोस्तों के साथ खाना खाने गया युवक नहीं लौटा घर, तलाश में भटक रहे परिजन- सता रहा डर
बेटे की तलाश में दर-दर भटक रहे परिजन, पुलिस से मांगी मदद
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां अंब थाना क्षेत्र के अप्पर अंदौरा गांव का रहने वाला एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक के ऐसे अचानक लापता हो जाने से उसका परिवार बेहद परेशान है।
बताया जा रहा है कि युवक पिछले करीब तीन दिन से लापता है। उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है। बेटे के लापता होने से परिजन काफी घबराए हुए हैं। बेटे की तलाश में परिजन दर-दर भटक रहे हैं और उसके सही-सलामत मिलने की कामना कर रहे हैं।
लापता युवक के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट अंब पुलिस पुलिस थाने में दर्ज करवाई है। परिजनों ने बताया कि मंदीप सिंह बीती 16 मार्च से घर से लापता है। उसने कहा था कि वो अपने कुछ दोस्तों के साथ अंब-गगरेट रोड पर स्वां नदी के पास बन रहे नए पुल के पास स्थित एक अहाते में खाना खाने के लिए जा रहा है।
मंदीप को आखिरी बार बीती 16 मार्च को रात करीब 10 बजे अहाते में ही देखा गया था। बताया जा रहा है कि फिर मंदीप के दोस्त उसे मोटरसाइकिल पर घर से कुछ दूरी पर छोड़ गए थे। मगर यहां से वो कहां गया- किसी को कुछ नहीं पता।
परिवार ने बताया कि उसका फोन भी लगातार बंद आ रहा है। ऐसे में वो उससे संपर्क भी नहीं कर पा रहे हैं। परिजनों ने पुलिस ने बेटे को जल्द से जल्द सही-सलामत ढूंढने की गुहार लगाई है।

परिजनों ने बताया कि मनदीप कभी किसी से बिना बताए कहीं नहीं जाता था। इसलिए यह घटना उन्हें और ज्यादा असामान्य लग रही है। परिवार मनदीप की तलाश में दर-दर भटक रहा है। उधर, पुलिस ने भी मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी के अनुसार, मनदीप की खोज के लिए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके।
मनदीप के परिजनों ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया है कि अगर किसी को मनदीप के बारे में कोई जानकारी हो या उन्होंने उसे कहीं देखा हो, तो कृपया थाने से संपर्क करें।