#विविध
August 20, 2026
हिमाचल में अनोखी प्रेम कहानी : 16 साल के लड़के ने भगाई 14 वर्षीय लड़की, रास्ते में हुआ....
बाइक पर हिमाचल से चंडीगढ़ जा रहे थे दोनों
शेयर करें:

कांगड़ा/ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, धर्मशाला से घर छोड़कर चंडीगढ़ जाने की कोशिश कर रहे दो नाबालिगों को ऊना जिले के चुरूड़ू क्षेत्र में स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते सुरक्षित पुलिस के हवाले कर दिया गया।
दोनों एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। मगर रास्ते में बाइक अचानक अनियंत्रित होकर स्किड हो गई। हादसे में 16 वर्षीय लड़का और 14 वर्षीय लड़की घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों की मदद की और उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद जब स्थानीय लोगों ने दोनों से बातचीत की तो उनकी पूरी कहानी सामने आई। पूछताछ के दौरान लड़के ने बताया कि दोनों अपने घरों से निकलकर चंडीगढ़ जाने की कोशिश कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि दोनों नाबालिग मोटरसाइकिल पर चुरूड़ू क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर स्किड हो गई। हादसे में दोनों को चोटें आईं।
घटना को देखकर स्थानीय दुकानदारों के साथ पूर्व प्रधान चनन सिंह भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने दोनों बच्चों को संभाला और उनकी हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार करवाया। स्थानीय लोगों ने उन्हें भोजन भी उपलब्ध कराया।
मदद के दौरान जब लोगों ने दोनों से उनके घर और वहां पहुंचने की वजह के बारे में पूछा तो मामला संदिग्ध लगा। बातचीत में 16 वर्षीय लड़के ने बताया कि दोनों धर्मशाला से अपने घर छोड़कर चंडीगढ़ जाने के लिए निकले थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बातचीत के दौरान लड़के ने यह भी बताया कि वह 14 वर्षीय लड़की को पसंद करता है और दोनों साथ में घर से निकले थे। दोनों की उम्र कम होने के कारण स्थानीय लोगों ने मामले को गंभीरता से लिया और खुद कोई कदम उठाने के बजाय पुलिस को सूचना देना उचित समझा।
स्थानीय लोगों की सूचना पर अंब पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों नाबालिगों को सुरक्षित अपनी निगरानी में लेकर थाना अंब पहुंची।
पुलिस ने जब दोनों नाबालिगों के संबंध में रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि उनके घर से लापता होने के संबंध में धर्मशाला के महिला पुलिस थाने में पहले से मामला दर्ज है। इसके बाद अंब पुलिस ने तत्काल धर्मशाला पुलिस को दोनों के मिलने की जानकारी दी।
धर्मशाला पुलिस की टीम दोनों नाबालिगों को लेने के लिए अंब रवाना हो चुकी है। टीम के पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी और दोनों को धर्मशाला पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा।
इस पूरे मामले में चुरूड़ू क्षेत्र के स्थानीय लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण रही। सड़क हादसे के बाद यदि लोग केवल घायलों को अस्पताल पहुंचाकर आगे बढ़ जाते, तो संभव है कि उनके घर से निकलने की जानकारी तत्काल सामने नहीं आती। स्थानीय लोगों ने पहले बच्चों की मदद की और फिर उनकी स्थिति को समझते हुए पुलिस को सूचना दी।
DSP अंब अनिल पटियाल ने बताया कि दोनों नाबालिग पुलिस की सुरक्षित कस्टडी में हैं। धर्मशाला पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है। धर्मशाला पुलिस की टीम अंब पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करेगी और दोनों नाबालिगों को उसके सुपुर्द कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खो दिया बहादुर फौजी, ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत; दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। दोनों नाबालिगों के घर से निकलने के कारणों और उनके चंडीगढ़ जाने की योजना को लेकर भी संबंधित पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जाएगी।