#अपराध
May 14, 2026
हिमाचल के जंगल में कांड : कोल्ड ड्रिंक में पिलाया ट्यूशन टीचर को ज.हर, फिर बोरी में डाल ले आया देह
आरोपी ने किराए के कमरे में फोन कर युवती को बुलाया था
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में जंगल के भीतर युवती की अधजली लाश मिलने के सनसनीखेज मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती तौर पर रहस्यमयी लग रही इस वारदात की परतें अब धीरे-धीरे खुलने लगी हैं।
जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या हरियाणा के अंबाला में की गई थी। उसकी पहचान छिपाने के लिए शव को हिमाचल लाकर जंगल में आग के हवाले कर दिया गया। मामले के सामने आने के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, पांवटा साहिब के धौलाकुआं क्षेत्र की कोलर पंचायत के जंगल में स्थानीय लोगों ने धुएं और आग की लपटें देखीं। जब लोग मौके पर पहुंचे तो वहां एक युवती का शव जलती अवस्था में मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। शुरुआत में पुलिस को मामला संदिग्ध लगा, लेकिन बाद में हरियाणा पुलिस से मिले इनपुट के बाद जांच की दिशा बदल गई।
जांच के दौरान पता चला कि युवती की हत्या अंबाला जिले में हुई थी। इसके बाद आरोपी शव को वाहन में डालकर हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले तक लेकर आया। पुलिस ने इलाके के CCTV कैमरों और रास्तों की फुटेज खंगालनी शुरू की तो कई अहम सुराग हाथ लगे।
फुटेज में आरोपी एक अन्य व्यक्ति के साथ रेहड़ी पर बड़ा बैग (बोरी) ले जाता दिखाई दिया। इसी आधार पर पुलिस ने जांच तेज की और संयुक्त अभियान चलाकर आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंबाला के बराड़ा क्षेत्र की जनकपुरी कॉलोनी निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है। मृतक युवती की पहचान अमनदीप के तौर पर हुई है- जो बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने का काम करती थी।

शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी और युवती के बीच पहले से बातचीत होती थी और दोनों एक-दूसरे को जानते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने युवती को अपने किराये के कमरे में बुलाया था। वहीं पर कथित तौर पर उसे कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। युवती की मौत होने के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
उसने शव को बैग में रखा और बाद में उसे हिमाचल के जंगल में ले जाकर पेट्रोल डालकर जला दिया, ताकि पहचान मिटाई जा सके। हालांकि युवती का चेहरा पूरी तरह नहीं जल पाया, जिससे पुलिस को पहचान स्थापित करने में मदद मिली।
DSP सुरेश कुमार के अनुसार आरोपी को देर रात पुलिस ने हिरासत में लिया। पूछताछ में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। आरोपी ने दावा किया कि वह खुद भी जहर खाने की बात कह रहा था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया।
पुलिस ने उस रेहड़ी चालक से भी पूछताछ की है, जिसकी मदद से शव को ले जाया गया था। जांच में सामने आया कि रेहड़ी चालक को यह नहीं पता था कि बैग में शव रखा हुआ है। उसे केवल सामान ले जाने के बदले कुछ पैसे दिए गए थे।
मामले में पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, लेकिन अब हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह जानने में जुटी है कि हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका रही है। फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और कई पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
उधर, जंगल में युवती का शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी कई आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। स्थानीय युवकों ने दावा किया कि कुछ महीने पहले इलाके में लूटपाट की घटना भी हुई थी, लेकिन उसका भी कोई ठोस खुलासा नहीं हो पाया।