#अपराध
February 17, 2026
हिमाचल: नशे के जाल में फंसे युवक ने परिवार संग किया आखिरी नाश्ता, कमरा बंद कर...
युवक के खिलाफ दर्ज थे चिट्टा तस्करी के तीन मामले
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशा इस कद्र फैल चुका है कि इसमें फंसी युवा पीढ़ी चाह कर भी बाहर नहीं निकल पा रही है। यह नशा ना सिर्फ युवक को बल्कि उसके पूरे परिवार की खुशियों को उजाड़ दे रहा है। हिमाचल के बिलासपुर जिला से सामने आई एक ऐसी ही दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। यहां नशे के दलदल में फंसे एक युवक ने अपनी सांसों की डोर ही काट ली।
दरअसल बिलासपुर जिला के डियारा सेक्टर में एक 36 साल के युवक आरिफ मोहम्मद ने आज मंगलवार सुबह फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बड़ी बात यह है कि युवक ने पहले सुबह अपने परिवार के साथ नाश्ता किया और उसके बाद वह कमरे में चला गया। काफी देर तक कोई हलचल ना होने पर परिवार को आशंका हुई और जब वह कमरे में पहुंचे तो बेटे को देख कर उनकी चीखें निकल गईं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: फॉरेस्ट गार्ड ने पांच हजार में बेच दिया इमान, विजिलेंस ने रिश्वत लेते धरा
बताया जा रहा है कि आरिफ पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। नशे की गिरफ्त और उससे जुड़े कानूनी मामलों ने उसे अंदर से तोड़ दिया था। परिजनों के अनुसार वह पहले जैसा नहीं रहा था, कम बोलता था, अक्सर अकेला रहता और गहरी चिंता में डूबा दिखाई देता था। नशे के दलदल में धंसा यह युवक मानसिक रूप से इतना परेशान हो गया कि उसने जिंदगी से ही हार मान ली। उसके इस कदम ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य के वादे भी निकले झूठे... 3 माह से टैंट में रह रहे 16 परिवार, आ*गजनी ने छीने थे आशियाने
मंगलवार सुबह सब कुछ सामान्य था। आरिफ ने परिवार के साथ नाश्ता किया कुछ देर बातचीत की और फिर अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोला गया तो भीतर का दृश्य देखकर सब स्तब्ध रह गए। आरिफ फंदे पर झूल गया था। परिजन उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घर में मातम पसर गया। मां.बाप की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे।
यह भी पढ़ें : जयराम का तंज: CM की नादौन छोड़ देहरा पर नजर.. 'भाभी' ने फंसाया पेंच; नहीं मिल रही सुरक्षित सीट
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरिफ के खिलाफ जिले में चिट्टा (सिंथेटिक ड्रग) तस्करी से जुड़े तीन मामले दर्ज थे। लगातार कानूनी दबाव पुलिस कार्रवाई का डर और नशे की लत इन सबने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे की दुनिया में कदम रखने के बाद इंसान धीरे.धीरे अपनों से दूर होता चला जाता है। आरिफ के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। वह गलत संगत में फंसा और फिर निकल नहीं सका।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सरकारी बस में सवारी बन बैठा था चिट्टा तस्कर, पुलिस को लगी भनक- हुआ अरेस्ट
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। धारा 174 के तहत कार्रवाई की जा रही है और विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।