#अपराध
June 19, 2025
हिमाचल पुलिस भर्ती परीक्षा : 35 से 50 लाख लेकर नकल करवाने की हुई थी डील, गिरोह का भंडाफोड़
2022 के पुलिस भर्ती पेपर लीक कांड के बाद पुलिस सतर्क
शेयर करें:
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में साल 2022 में सबसे बड़ा पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक मामला सामने आया था। इस मामले के उजागर होते ही बेरोजगार युवाओं सहित आम जनता को भी झकझोर कर रख दिया था। अब तीन साल बाद बीते रविवार को एक बार फिर हिमाचल प्रदेश में 1088 पुलिस कांस्टेबलों भर्ती की लिखित परीक्षा आयोजित करवाई गई।
रविवार को आयोजित हुई इस लिखित परीक्षा के दौरान सुरक्षा एजेंसियां भी काफी सतर्क रहीं। इसी बीच नकल रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस टीम ने मामले में दो आरोपियों को अरेस्ट किया है।
जांच में पाया गया है कि दोनों आरोपी पैसे लेकर नकल करवाने का काम कर रहे थे। दोनों आरोपी कांगड़ा जिले के जवाली क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान विक्रम और बलविंदर उर्फ सोनू जरयाल के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पहले भी विवादों में रहे हैं। इससे पहले साल 2019 में नवोदय स्कूल समिति की परीक्षा में ब्लूटुथ डिवाइस से नकल करवाने और साल 2022 में हुए पुलिस भर्ती पेपर लीक में भी शामिल थे।
बताया जा रहा है कि पुलिस पूछताछ में कई अभ्यर्थियोंं ने कबूला है कि उन्होंने नकल करवाने के लिए पैसे दिए थे। मामले को लेकर पुलिस टीम ने 10 संदिग्ध अभ्यर्थियों से पूछताछ की थी। पुलिस टीम ने विक्रम और बलविंदर के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के बैंक खातों की डिटेल खंगाली जा रही है। जांच में पाया गया है कि आरोपियों ने एक-एक अभ्यर्थी से नकल करवाने के लिए 35 से 50 लाख रुपए तक लिए थे। मामले की पुष्टि करते हुए SSP कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि दोनों आरोपियों को 23 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ कर ये पता लगाया जा रहा है कि उनके साथ इस रैकेट में और कौन-कौन शामिल है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
दरअसल, रविवार को पालमपुर उपमंडल के एक परीक्षा केंद्र में चार युवकों को संदिग्ध गतिविधियों के चलते पुलिस ने हिरासत में लिया था। यह चारों युवक हिमाचल के कांगड़ा जिला के जवाली क्षेत्र से संबंधित थे। पुलिस को आशंका थी कि ये युवक पैसों के बल पर परीक्षा पास कराने की किसी साजिश में शामिल हो सकते हैं।
इसी शक के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों को परीक्षा केंद्र से बाहर निकालकर थाने में पूछताछ के लिए ले गई। करीब एक से डेढ़ घंटे की गहन पूछताछ के बाद पहले पुलिस को कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला, जिसके बाद चारों युवकों को छोड़ दिया गया। वहीं, बाद में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गौरतलब है कि साल 2022 में हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती का पेपर लीक हो गया था। यह परीक्षा मार्च 2022 में आयोजित करवाई गई थी। उस दौरान पुलिस भर्ती का पेपर लीक हो गया था। जिससे पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया था। उस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और पूरी परीक्षा प्रक्रिया को रद्द कर दोबारा आयोजन करवाना पड़ा था। उस प्रकरण के बाद से ही पुलिस विभाग ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सावधानियां बरतनी शुरू कर दी हैं।
इस बार की परीक्षा में भी पुलिस विभाग किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त न करने के रुख पर कायम दिख रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति या गिरोह परीक्षा प्रणाली से छेड़छाड़ करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।