#अपराध
February 16, 2025
हिमाचल : जंगल में मिली युवक की देह, बेटे के सही-सलामत घर लौटने की उम्मीद में थे माता-पिता
26 दिन से लापता था युवक, घर के पास मिली थी बाइक
शेयर करें:
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से बेहद सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां पर ज्वालामुखी के कालीधार जंगल में एक लापता युवक का शव मिला है। युवक बीते 26 दिनों से घर से लापता था। परिजनों ने मामले में हत्या का शक जाहिर किया है।
परिजनों का आरोप है कि ये एक सुनियोजित हत्या है। परिजनों महिला समेत तीन लोगों पर उनके बेटे की हत्या करने के आरोप जड़े हैं और तीनों के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है।
युवक बीती 18 जनवरी से लापता था। परिजनों ने 19 जनवरी को पंचरुखी थाने में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। युवक ब्लड सैंपस क्लेकशन और पार्ट टाइम जोमेटो में डिलीवरी देने का काम करता था।
आपको बता दें कि युवक सलियाणा पंचायत के बटाहण गांव का रहने वाला था। युवक की पहचान 27 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है। पंकज के लापता हो जाने से परिजन काफी परेशान थे और बेटे की तलाश में दर-दर भटक रहे थे। परिजन पंकज के सही-सलामत घर लौटने की प्रार्थना कर रहे थे। मगर अब उन्हें क्षत-विक्षत हालत में परिजन की लाश मिली है- जिसके बाद से पूरे परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।
बतााया जा रहा है कि शव इतनी खराब हालत में था कि मृतक की पहचान कर पाना काफी मुश्किल था। मगर परिजनों ने हाथ पर बने टैटू से शव की पहचान की। इस बात की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने मृतक के माता-पिता के DNA सैंपल भी लिए। माता-पिता ने पंकज की दांईं बाजू पर उसकी कथित प्रेमिका के नाम के बने टैटू से उसकी पहचान किया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि बेटे की प्रेमिका दो बच्चोंं की मां है। जबकि, पंकज अविवाहित था। उन्होंने बताया कि उन्होंने पंकज और महिला को कई बार समझाया, लेकिन वो नहीं समझे। पंकज का उस विवाहिता से पिछले आठ साल से अफेयर चल रहा था। विवाहिता के परिजन कई बार पंकज को इस प्रेम संबंध के कारण पीट भी चुके हैं और जान से मारने की धमकी भी दे चुके हैं।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस कि एक महिला ने दो लोगों के साथ मिलकर पंकज की हत्या की है। परिजनों ने नीशू बाला, सुशील कुमार (शशि) और उत्तम चंद के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है। उनका कहा है कि इन तीनों ने मिलकर पहले पंकज का अपहरण किया और फिर उसकी हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया।
वहीं, जंगल में बेटे का शव मिलने से माता-पिता और परिजनों को काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि पुलिस की लापरवाही के कारण उनका बेटा नहीं बच पाया। अगर पुलिस टीम ने समय रहते कार्रवाई की होती तो शायद पकंज की जान बच जाती। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पंचरुखी-सल्याणा NH पर शव रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रर्दशन भी किया। साथ ही जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
उधर, मामले की पुष्टि करते हुए ज्वालामुखी के DSP जसवाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा लिया है। मामले में पुलिस टीम ने विसरा जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है। फिलहाल, युवक की मौत के कारणों का पता नही चल पाया है। पुलिस टीम ने मामले में BNS की धारा 140(1), 103(1) और 3(5) के तहत FIR दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में जांच जारी है- जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विदित रहे कि, पंकज 18 जनवरी को घर से काम पर जाने के लिए निकला था। मगर देर शाम तक भी वो वापस घर नहीं लौटा। परिजनों को पंकज की बाइक घर से कुछ दूरी पर मिली थी। परिजनों ने अपने स्तर पर पंकज को हर संभव जगह पर ढूंढा, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। ऐसे में उन्होंने पंकज की गुमशुदगी की रिपोर्ट पंचरुखी पुलिस थाने में दर्ज करवाई थी। अब पंकज का शव जंगल में खराब हालत में मिला है।