#अपराध
September 18, 2026
हिमाचल : 500 मीटर गहरी खाई में समाई कार, रातभर चला रेस्क्यू - 2 लोगों की मौके पर मौ*त
कार के परखच्चे उड़ गए हैं, पूरे इलाके में पसरा मातम
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। नित्थर क्षेत्र में बीती रात 500 मीटर एक कार गहरी खाई में समा गई। इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
दुर्घटना में कार सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा रात करीब सवा आठ बजे के आसपास हुआ। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए हैं। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कार दुराह की दिशा में जा रही थी। सेरी के पास पहुंचने के दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे चली गई और गहरी खाई में गिरती हुई काफी दूर तक पहुंच गई।
हादसे की आवाज और सूचना मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। खाई काफी गहरी होने के कारण दुर्घटनास्थल तक पहुंचना भी आसान नहीं था। ग्रामीणों द्वारा हादसे की सूचना पुलिस को दी गई।
जिसके बाद नित्थर पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान में सहयोग किया। रात में अंधेरा और दुर्गम भू-भाग होने के कारण तत्काल शवों को ऊपर लाना संभव नहीं हो पाया। पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को दोबारा अभियान चलाया।
काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल निरमंड भेज दिया। दुर्घटना में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
DSP आनी राजीव मेहता ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहन चालक का नियंत्रण किस कारण बिगड़ा।
पुलिस सड़क की स्थिति, वाहन और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं को जांच में शामिल कर रही है। हादसे की सूचना क्षेत्र में फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।