#अपराध
September 18, 2026
हिमाचल में पूरा परिवार बेचता था चिट्टा : महिलाएं भी शामिल- 2 करोड़ की संपत्ति हुई फ्रीज
एक हफ्ते में नशा तस्करों की करीब 5.5 करोड़ की संपत्ति फ्रीज हुई है
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई तेज कर दी है। नालागढ़ क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी से जुड़े एक मामले की जांच के दौरान एक ही परिवार से संबंधित करीब 2.08 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत फ्रीज किया है।
पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अब तस्करों की संपत्ति और वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस थाना नालागढ़ में 12 मई 2024 को दर्ज मामले में टिक्कर पनौह निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा को आरोपी बनाया गया था। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से 6.68 ग्राम हेरोइन यानी चिट्टा बरामद हुआ था।
मामले की तफ्तीश आगे बढ़ने पर पुलिस ने आरोपी के साथ उसके परिवार से जुड़े लोगों की संपत्तियों और आर्थिक गतिविधियों की भी जांच की। इसी प्रक्रिया के बाद संबंधित संपत्तियों को नियमानुसार फ्रीज करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, अमरजीत कौर से जुड़ी करीब 80.07 लाख रुपये की संपत्ति इस कार्रवाई के दायरे में आई है। इसमें टाटा पंच कार, एक्टिवा स्कूटर, लगभग 7.10 बिस्वा जमीन और उसी पर बना दो मंजिला मकान भी शामिल है।
इसी तरह सतनाम सिंह उर्फ सत्ती से संबंधित करीब 83.15 लाख रुपये की संपत्ति भी फ्रीज की गई है। इसमें एक्टिवा, मारुति जेन कार तथा 2.10 बिस्वा जमीन पर बने मकान और भूमि शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, संबंधित जमीन और मकान सतनाम सिंह की पत्नी हिमांशी सहोत्रा के नाम दर्ज हैं।
इसके अलावा गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा से संबंधित नालागढ़ में स्थित मकान और जमीन को भी कार्रवाई के तहत फ्रीज किया गया है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। तीनों संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 8 लाख 22 हजार रुपये आंकी गई है।

DSP बद्दी योगराज चंदेल ने बताया कि पुलिस नशा तस्करी के मामलों में गिरफ्तारी और नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है। अवैध कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क और संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून के तहत संपत्ति फ्रीज और जब्ती की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस के अनुसार, बीते एक सप्ताह में नशा तस्करी से जुड़े मामलों में करीब 5.5 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की आर्थिक गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।