#अपराध
September 18, 2026
ज्वालामुखी मंदिर में मचा हड़कंप : आ**ग में झुलसा युवक, 70 फीसदी शरीर का हुआ बुरा हाल
मंदिर में अकेले ही दर्शन करने आया था युवक
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां ज्वालामुखी मंदिर में गुरुवार देर शाम एक गंभीर घटना सामने आई। मंदिर परिसर में राजस्थान से दर्शन के लिए पहुंचे एक युवक ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली।
आग की चपेट में आने से युवक करीब 70 फीसदी झुलस गया। अचानक हुई इस घटना से मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।
झुलसे युवक की पहचान रामदास पुत्र गजानंद के रूप में हुई है- जो कि राजस्थान का रहने वाला है। घटना के बाद उसे 108 एंबुलेंस की मदद से ज्वालामुखी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।
शरीर का बड़ा हिस्सा झुलसने के कारण उसकी हालत गंभीर बताई गई है। युवक 70 फीसदी जल चुका है। जिसके चलते डॉक्टरों ने उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया।
युवक को अस्पताल ले जाने वाली 108 एंबुलेंस के पायलट संजय और ईएमटी विवेक शर्मा के अनुसार, सफर के दौरान रामदास होश में था और बातचीत कर रहा था। उसने बताया कि वह अकेला ही मां ज्वालामुखी के दर्शन करने आया था।
हालांकि, अपने घर का पूरा पता बताते समय उसकी आवाज और जुबान लड़खड़ा रही थी। इसके बावजूद उसने अपनी पहचान और पता बताने की कोशिश की। अस्पताल पहुंचने तक वह बात करने की स्थिति में था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक ने आग लगाने के लिए पेट्रोल या किसी अन्य ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल किया था या नहीं।
साथ ही, उसके इस कदम के पीछे की वजह और घटना से पहले उसकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक वास्तव में अकेला मंदिर आया था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है।
SP देहरा संदीप धवल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
विदित रहे कि, ज्वालामुखी क्षेत्र में कुछ माह पहले भी एक युवक द्वारा मंदिर मार्ग स्थित शिव मंदिर में कटर से अपना गला काटने की घटना हुई थी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। अब हुई इस घटना ने एक बार फिर मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा छेड़ दी है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।