#अपराध
February 11, 2025
अनुराग बोले: कांग्रेस राज में फलफूल रहा नशे का कारोबार, खाकी पर दाग चिंता का विषय
चिट्टा माफिया को कांग्रेस नेताओं का है सरंक्षण
शेयर करें:
ऊना। हिमाचल प्रदेश में नशे का गढ़ बनता जा रहा है। जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने सत्ता संभाली है, उसके बाद से तो नश तस्करी कई गुना बढ़ गई है। यह आरोप हिमाचल के हमीरपुर जिला के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल की सुक्खू सरकार पर लगाए हैं। अनुराग ठाकुर ने साफ कहा है कि कांग्रेस के राज में ही नशे का यह कारोबार फल फूल रहा है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में जिस तरह से चिट्टे का कारोबार बढ़ रहा है, इससे आने वाले समय में हमारी युवा पीढ़ी पर इसका घातक असर होने वाला है। युवा पीढ़ी नशे की दलदल में धंसती जा रही है। लेकिन प्रदेश की सुक्खू सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। प्रदेश में बढ़ते चिट्टे के मामले चिंताजनक हैं।
यह भी पढ़ें : कांग्रेस पर भड़के सुक्खू कैबिनेट के मंत्री: बोले- अपाहिज हो गया है संगठन
सांसद ने कहा कि अब तो हाल यह हो गए हैं कि चिट्टे के दाग खाकी तक पहुंच गए हैं। वहीं कई नेता भी रडार पर हैं। हाल ही में एसटीएफ ने प्रदेश के कई जिला में पुलिस कर्मियों और तस्करों के ठिकानों पर दबिश दी। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि हिमाचल पुलिस के कुछ जवान भी इस चिट्टा तस्करी के धंधे में शामिल हैं। एसटीएफ ने कुछ घरों में ही रेड डाली है। उनकी सूची में कुछ पुलिस कर्मचारियों और नेताओं के भी नाम हैं।
यह भी पढ़ें : मोदी सरकार ने हिमाचल को जारी किया करोड़ों का बजट, पर सीएम सुक्खू की बढ़ गई टेंशन; जानें क्यों
अनुराग ठाकुर ने कहा कि नगर परिषद संतोषगढ़ की कांग्रेस समर्थित पूर्व अध्यक्ष एवं पार्षद के घर पर कुछ दिन पूर्व हिमाचल प्रदेश पुलिस की एसटीएफ ने रेड की थी। जिसके चलते स्थानीय शहरी कांग्रेस इकाई कार्यकर्त्ताओं ने पार्टी सदस्यता से ही सामूहिक त्याग पत्र दे दिया। इसकी एक कॉपी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह को भी प्रेषित की गई है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि इन सब बातों से कहीं न कहीं यह जरूर दिखता है कि नशे के कारोबार पर नेताओं का भी संरक्षण है।
अनुराग ठाकुर ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सीएम सुक्खू ने चिट्टे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के आदेश दिए हैं, लेकिन मंडी पुलिस उनके आदेशों को गंभीरता से नहीं लेती दिख रही है। जिसका खामियाजा प्रदेश की युवा पीढ़ी को भुगतना पड़ रहा है। आए दिन युवा नशे के दलदल में धंस रहे हैं। मंडी शहर में नशे से युवक की दूसरी मौत हुई है। जो चिंता का विषय है।
यह भी पढ़ें : दिल्ली में तीसरी बार हार कांग्रेस के लिए "खतरे की घंटी", आखिर ऐसा क्यों बोले विक्रमादित्य सिंह
अनुराग ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार से अपील की है कि वह प्रदेश में नशे के खात्मे के लिए विशेष अभियान चलाने के आदेश दें। इसके अलावा अनुराग ठाकुर ने आम जनता से भी अपील की है कि अपने बच्चों को नशे के दलदल में धंसने से बचाने के लिए नशा तस्करों को पकड़वाने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें, ताकि आपके बच्चे सुरक्षित रह सकें।