#राजनीति
February 11, 2025
कांग्रेस पर भड़के सुक्खू कैबिनेट के मंत्री: बोले- अपाहिज हो गया है संगठन
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ खोला मोर्चा
शेयर करें:
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर कांग्रेस सरकार और संगठन के बीच तकरार देखने को मिली है। इस बार मुख्यमंत्री के कैबिनेट मंत्री ने हिमाचल कांग्रेस के संगठन पर हमला बोला और उसे पैरालाइज्ड तक कह डाला है। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए दिल्ली चुनाव में एक भी सीट ना जीत पाने का ठिकरा संगठन के सिर पर फोड़ दिया है।
दरअसल हिमाचल में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब हिमाचल की सुक्खू सरकार और संगठन के बीच जुबानी जंग ना हुई हो। इससे पहले भी कई बार संगठन और सरकार के बीच की जुबानी जंग जग जाहिर हो चुकी है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। लेकिन सुखविंदर सिंह सुक्खू के मुख्यमंत्री बनते ही हिमाचल में सरकार और संगठन के बीच मतभेद शुरू हो गए थे। सरकार और संगठन के बीच अंदरूनी कलह कई बार खुलकर सामने आई।
हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह कई बार संगठन के लोगों को सरकार में जगह ना मिलने का मामला उठाती रही। सरकार और संगठन के बीच की इस तकरार का खामियाजा कांग्रेस को लोकसभा चुनावों में भुगतना पड़ा था। इस सब के बीच अब सीएम सुक्खू के एक मंत्री ने फिर से हिमाचल संगठन को लेकर बड़ी बात कह दी है।
हिमाचल प्रदेश के कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने आज अपनी ही पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को एक भी सीट ना मिलने का जिम्मेदार भी संगठन को ही ठहराया है। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि कांग्रेस ने दिल्ली चुनाव गंभीरता से नहीं लड़ा। जिसका ही नतीजा है कि कांग्रेस को दिल्ली में एक भी सीट नहीं मिल सकी।
यह भी पढ़ें : आज भी वर्क फ्रॉम होम रहेंगे CM सुक्खू , नहीं सुधरी तबीयत
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चंद्र कुमार ने अपनी ही पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब चुनाव सिर पर आ जाते हैं, तब जाकर कांग्रेस उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करती है। इस दौरान उन्होंने हिमाचल के संगठन पर भी सवाल उठाए और कहा कि प्रदेश का संगठन मजबूत नहीं है। हिमाचल कांग्रेस का संगठन पैरालाइज्ड हो गया है।
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि पार्टी हाईकमान को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। चंद्र कुमार ने कहा कि अगर संगठन मजबूत होगा, तभी कांग्रेस आगे बढ़ पाएगी। संगठन और सरकार को हमेशा साथ साथ चलना चाहिए। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में तीन माह से भी अधिक बीत जाने के बाद भी अभी तक हिमाचल में संगठन का गठन नहीं हो पाया है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने करीब तीन माह पहले हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की सभी कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। अकेला प्रदेश अध्यक्ष के पद को छोड़ कर पूरी कांग्रेस कार्यकारिणी को भंग कर नए सिरे से गठन की तैयारी की जा रही थी, लेकिन तीन माह गुजर जाने के बाद भी हिमाचल में अभी तक संगठन का गठन नहीं हो पाया है। अब चर्चा है कि हिमाचल में पहले प्रदेश अध्यक्ष पद पर नई ताजपोशी होगी, उसके बाद ही संगठन का गठन किया जाएगा।