#अपराध
February 11, 2025
हिमाचल : महिला को फोन पर वीडियो देखना पड़ा महंगा, खाते से 5.43 लाख हुए गायब
गोदान के नाम पर महिला से लाखों की ठगी
शेयर करें:
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में ऑनलाइन ठगी के मामलों का ग्राफ दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। हिमाचल के भोले-भाले लोगों को शातिर नए-नए तरीकों से ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसी कड़ी में अब ताजा मामला कुल्लू जिले से सामने आया है- जहां एक महिला के साथ गोदान के नाम पर ठगी हुई है। महिला को दान करने महंगा पड़ गया है।
शातिरों ने महिला के बैंक खाते से 5,43,000 निकाल लिए हैं। पीड़िता के साथ ये ठगी मोबाइल फोन पर एक लिंक भेज कर की गई है। मामले की शिकायत पीड़िता ने भुंतर थाने में दर्ज करवाई है।
पीड़िता रमना देवी ने पुलिस को बताया कि वो खौलाआगे क्षेत्र की रहने वाली है। उसने बताया कि वो अपने फोन पर वीडियो देख रही थी। इसी दौरान शेयर चैट गोदान के नाम से उसके फोन पर एक लिंक आया। जिस पर उसने किल्क करके 2740 रुपए की राशि दान की।
पीड़िता ने बताया कि जिस खाते से उसने ये राशि दान की- उसी से उसका Paytm अकाउंट भी जुड़ा हुआ है। पीड़िता ने बताया कि उसे ठगी का पता तब चला जब कुछ दिन बाद बैंक खाते को चेक करने के लिए PNB शाखा भुंतर गई। खाते की स्टेमेंट देख कर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने देखा कि उसके खाते से 5,43,000 रुपए निकाले गए थे।
शुरुआती जांच में पाया गया कि यह राशि कर्नाटक के बैंक खाते में हुई है। यह सारे पैसे दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए ट्रांसफर हुए हैं। महिला ने पुलिस से उसकी मदद करने की गुहार लगाई है।
मामले की पुष्टि करते हुए DSP कुल्लू राजेश कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है। लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि साइबर ठगों से सावधान रहें और वीडियो देखकर कभी भी कोई भी लेन-देन ना करें। उन्होंने कहा कि बहुत बार ऐसे होता है बैंक खाते में पैसे क्रेडिट होने के फर्जी मैसेज आते हैं। ऐसे मैसेज पर भूलकर भी क्लिक ना करें। ठग जानबूझक पैसों का लालच देकर लोगों को उलझाते हैं और ठगी का शिकार बनाते हैं।