शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है और अप्रैल महीने में भी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। लाहौल-स्पीति के ऊंचे पहाड़ों से लेकर रोहतांग और अटल टनल के आसपास ताजा हिमपात हुआ है, जिससे ठंड ने फिर से जोर पकड़ लिया है।
ऊंचे इलाकों में बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में बारिश
बीती रात अटल टनल, दारचा, रोहतांग दर्रा, शिंकुला दर्रा और स्पीति घाटी में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं राज्य के कई अन्य हिस्सों में बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिली।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में भूकंप : बारिश के बीच डोली धरती, घरों से बाहर भागे लोग- क्या आपने महसूस किए झटके?
6 दिन तक मौसम रहेगा खराब
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले छह दिनों तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में ओलावृष्टि और तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए चेतावनी
प्रशासन ने लोगों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा टालने की सलाह दी है। खासकर अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर हिमस्खलन के खतरे को देखते हुए पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 250 पदों पर निकली भर्ती : आवेदन करने के लिए सिर्फ दो दिन बाकी- जानें सब कुछ
जनवरी जैसी ठंड लौटी
मौसम में बदलाव के चलते ऊंचे पहाड़ों पर एक बार फिर जनवरी जैसी ठंड महसूस की जा रही है। पिछले 24 घंटे में कई जगहों पर तापमान में 6 से 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश और बर्फबारी का असर जारी रहने से तापमान में अगले कुछ दिनों में और गिरावट आएगी, जिससे ठंड का असर बना रहेगा।
