शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुका है। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब बना हुआ है, जबकि कांगड़ा में सुबह से मूसलाधार बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है और भूस्खलन के कारण प्रदेशभर में करीब 150 सड़कें बंद हो गई हैं।

हिमाचल में प्रचंड रूप दिखाएगा मानसून

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताते हुए कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। वहीं सात जिलों के निचले और जलग्रहण क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड का खतरा भी बना हुआ है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस ने तोड़ा अंतर्राज्यीय नशा नेटवर्क, अमृतसर से दबोचा मुख्य सप्लायर; पि***स्टल भी मिली

5 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून

IMD के अनुसार, प्रदेश में 5 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। आज बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 1 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन, 2 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, शिमला और सिरमौर तथा 3 अगस्त को चंबा, कांगड़ा और मंडी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

सात जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा

मौसम विभाग के फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने 31 जुलाई की सुबह तक कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन के निचले एवं जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: माता-पिता को बेसहारा छोड़ गया 24 साल का बेटा, नशे की ओवरडोज मानी जा रही वजह

मानसून सीजन में सामान्य से 7 फीसदी कम बारिश

प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान अब तक सामान्य से 7 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 29 जुलाई के बीच सामान्य तौर पर 348.6 मिलीमीटर वर्षा होती है, जबकि इस बार 325.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

 

हालांकि कुछ जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज हुई है। किन्नौर में 29 प्रतिशत, शिमला और कुल्लू में 23-23 प्रतिशत, चंबा में 15 प्रतिशत, ऊना में 5 प्रतिशत और सोलन में 4 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।

यह भी पढ़ें : आय से अधिक संपत्ति मामले में बीजेपी MLA सुधीर शर्मा पर FIR, एक व्यक्ति और 300 भूमि रजिस्ट्रियां.... 

इन जिलों में सामान्य से कम हुई बारिश

दूसरी ओर हमीरपुर में 40 प्रतिशत, लाहौल-स्पीति में 47 प्रतिशत, मंडी में 23 प्रतिशत, कांगड़ा में 17 प्रतिशत, सिरमौर में 6 प्रतिशत और बिलासपुर में 4 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

150 सड़कें बंद, लोगों से सतर्क रहने की अपील

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार भूस्खलन और पहाड़ियों से चट्टानें गिरने के कारण प्रदेशभर में करीब 150 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। पिछले 24 घंटों में कसौली में 51 मिलीमीटर और सराहन में 32.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के पास न जाने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें