लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश में ऐसे तो कई मंदिर है लेकिन लाहौल में एक ऐसा मंदिर स्थित है जहां एक छोटी सी गलती किसी की आंखों की रोशनी छीन सकती है। दरअसल यहां महिषासुर वध के बाद मां काली ने रक्त से भरा खप्पर रखा था जिसे देखने की सख्त मनाही है। कहा जाता है कि इसे देखने वाला अंधा हो सकता है—यही विश्वास इस मंदिर को और भी खास बनाता है।
2623 मीटर की ऊंचाई पर बना है यह मंदिर
लाहौल घाटी के उदयपुर में स्थित मृकुला देवी मंदिर सिर्फ एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि इतिहास, आस्था और अद्भुत कारीगरी का अनोखा संगम है। समुद्र तल से करीब 2623 मीटर की ऊंचाई पर बना यह मंदिर आज भी लोगों के लिए रहस्य और श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल और दिल्ली पुलिस में टकराव- 3 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उठाने आई थी टीम, 12 जवान अरेस्ट
पांडवों के वनवास से जुड़ी मान्यता
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मंदिर का इतिहास द्वापर युग से जुड़ा है। कहा जाता है कि जब पांडव वनवास में थे, तब वे इस क्षेत्र में भी आए थे। मान्यता है कि महाबली भीम एक विशालकाय पेड़ यहां लाए और भगवान विश्वकर्मा से मंदिर बनाने का आग्रह किया। लोककथाओं के मुताबिक विश्वकर्मा ने एक ही दिन में इस भव्य मंदिर का निर्माण कर दिया। मंदिर कश्मीरी-कन्नौज शैली में बना है और इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी लकड़ी पर की गई बारीक नक्काशी है, जो आज भी लोगों को हैरान कर देती है।
अद्भुत लकड़ी की कलाकृतियां
मंदिर के भीतर प्रवेश करते ही ऐसा लगता है मानो रामायण और महाभारत जीवंत हो उठी हों। लकड़ी की दीवारों और स्तंभों पर कई पौराणिक दृश्य उकेरे गए हैं-
- मृत्यु शैया पर लेटे भीष्म पितामह
- सागर मंथन का दृश्य
- सीता हरण और अशोक वाटिका
- द्रौपदी स्वयंवर
- अभिमन्यु का चक्रव्यूह
- भगवान विष्णु के अवतार
- भगवान शिव का तीसरा नेत्र
- श्रीकृष्ण और अर्जुन
- आठ ग्रहों की आकृतियां
इन नक्काशियों की बारीकी देखकर आज भी लोग दंग रह जाते हैं। पहाड़ी शैली में बनी लकड़ी की दीवारें इस मंदिर को और भी खास बनाती हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सरकारी स्कूल के छात्र का कमाल, कबाड़ से बना डाला ट्रैक्टर- किसानों के आएगा काम
खप्पर से जुड़ी रहस्यमयी मान्यता
यहां मां काली को महिषासुर मर्दिनी के रूप में पूजा जाता है। मान्यता है कि महिषासुर का वध करने के बाद मां काली ने खून से भरा खप्पर यहीं रखा था। वह खप्पर आज भी मुख्य मूर्ति के पीछे रखा हुआ है, लेकिन उसे देखने की सख्त मनाही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पाएं सरकारी नौकरी : 700 पदों पर निकली बंपर भर्ती, यहां जानें पूरी डिटेल
स्थानीय लोगों का विश्वास है कि अगर कोई उस खप्पर को देख ले, तो उसकी आंखों की रोशनी चली जाती है। बुजुर्ग बताते हैं कि 1905-06 में चार लोगों ने उसे देखने की कोशिश की थी और उनकी आंखों की रोशनी चली गई थी।
‘चलो’ बोलना है मना
मंदिर के कपाट पर दो द्वारपाल—बजरंग बली और भैरव खड़े हैं। यहां एक अनोखी परंपरा आज भी निभाई जाती है। श्रद्धालुओं को पहले ही बता दिया जाता है कि दर्शन करने के बाद “चलो यहां से चलते हैं” नहीं बोलना है। मान्यता है कि ऐसा कहने से विपत्ति आ सकती है और द्वारपाल भी साथ चल पड़ते हैं। इसलिए आज भी लोग दर्शन के बाद चुपचाप वापस लौट आते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के प्रिंस ने गणित में JRF किया क्वालीफाई, देशभर में पाया 28वां रैंक
फागली उत्सव और खास पूजा
घाटी में साल में एक बार फागली उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इस उत्सव की पूर्व संध्या पर मंदिर के पुजारी अकेले खप्पर की पूजा करते हैं। उस समय खप्पर बाहर निकाला जाता है, लेकिन उसे कोई भी श्रद्धालु नहीं देखता। यह रस्म पूरी तरह गोपनीय तरीके से निभाई जाती है।
मरगुल से उदयपुर कैसे बना
बताया जाता है कि 16वीं शताब्दी से पहले इस गांव का नाम मरगुल था। बाद में चंबा के राजा उदय सिंह यहां आए और देवी की अष्टधातु की मूर्ति स्थापित की। इसके बाद गांव का नाम उदयपुर पड़ गया। यह गांव तांदी-किश्तवाड़ मार्ग पर चिनाब नदी (चंद्रा और भागा के संगम) के किनारे बसा हुआ है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: डंपिंग साइट पर मिली बुजुर्ग की ला.श- खनन माफिया पर आरोप, SHO को हटाने की मांग
हिंदू और बौद्ध आस्था का संगम
हिंदू यहां देवी को काली या मृकुला देवी के रूप में पूजते हैं, जबकि बौद्ध उन्हें वज्रराही का रूप मानते हैं। बौद्ध मान्यता के अनुसार प्रसिद्ध तांत्रिक संत पद्मसंभव ने अपनी यात्रा के दौरान इसी स्थान पर ध्यान लगाया था।
आज भी कायम है परंपरा
समय कितना भी बदल जाए, लेकिन मृकुला देवी मंदिर की मान्यताएं और परंपराएं आज भी वैसी ही हैं। यहां की आस्था, रहस्य और अद्भुत कारीगरी इस मंदिर को हिमाचल ही नहीं, पूरे देश में खास पहचान दिलाती है। यही वजह है कि हर साल हजारों श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचते हैं, कुछ इतिहास जानने, कुछ आस्था के कारण और कुछ इस अद्भुत कला को देखने।
