हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में चुनावी बिगुल बज चुका है। इस बीच चुनाव लड़ने के कई चाहवान अपनी-अपनी पार्टी हाईकमान से संपर्क साध उन्हें प्रभावित करने में जुटे हुए हैं। मगर इस दौरान हमीरपुर जिले के सुजानपुर नगर परिषद में शहरी निकाय चुनाव के बीच एक दिलचस्प राजनीतिक मोड़ सामने आया है। जहां कांग्रेस द्वारा घोषित प्रत्याशियों की सूची में शामिल होने के बावजूद महिला प्रत्याशी ने पार्टी टिकट लेने से साफ इनकार कर निर्दलीय मैदान में उतरने का फैसला किया है।

राजनीतिक दबाव में नहीं करना चाहतीं काम

दरअसल, हमीरपुर में शहरी निकाय चुनाव के बीच कांग्रेस को उस वक्त झटका लगा, जब पूर्व अध्यक्ष वीना धीमान ने कांग्रेस पार्टी का टिकट ठुकरा दिया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की जेल में कैदियों का कमाल : एक साल में कमाए डेढ़ करोड़, जानें कैसे

उन्होंने साफ कहा कि वे निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगी और किसी राजनीतिक दबाव में काम नहीं करना चाहतीं। उनके इस फैसले से स्थानीय सियासत में हलचल तेज हो गई है और वार्ड में मुकाबला अब और ज्यादा दिलचस्प माना जा रहा है।

वीना धीमान का निर्दलीय लड़ना कांग्रेस के लिए चुनौती

वीना धीमान ने वार्ड-8 से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने के प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही पार्टी नेतृत्व को अपने निर्णय से अवगत करवा दिया था। उनका कहना है कि वह बिना किसी राजनीतिक बंधन के जनता के मुद्दों को उठाना चाहती हैं और स्वतंत्र रूप से काम करना चाहती हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की स्कूली किताबों में AI का असर : ट्रांसजेंडर बताया किन्नौर जिला...और भी कई गलतियां

उनके इस फैसले से स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। लंबे समय तक नगर परिषद से जुड़ी रही वीना धीमान की क्षेत्र में मजबूत पकड़ मानी जाती है, ऐसे में उनका निर्दलीय उतरना कांग्रेस के लिए चुनौती बन सकता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इससे वार्ड-8 में मुकाबला और अधिक दिलचस्प हो जाएगा।

जनता से है सीधा संवाद

पूर्व अध्यक्ष वीना धीमान ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता हमेशा क्षेत्र का विकास और जनता से सीधा संवाद रहा है, जिसे वह बिना किसी दबाव के जारी रखना चाहती हैं। इस फैसले ने न सिर्फ चुनावी समीकरण बदले हैं, बल्कि अन्य दलों और उम्मीदवारों की रणनीतियों पर भी असर डालना शुरू कर दिया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें