शिमला। हिमाचल की राजनीति एक बार फिर गर्माने वाली है। सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने होंगे, सरकार अपने फैसलों का बचाव करेगी तो विपक्ष कई अहम मुद्दों पर घेराबंदी की तैयारी में है। ऐसे में प्रदेश की नजरें अब विधानसभा के अगले बड़े सत्र पर टिक गई हैं।
21 से शुरू होगा मानसून सत्र
इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से शुरू होने की संभावना है। सरकार इसे 3 सितंबर तक चलाने के पक्ष में है। विधानसभा सचिवालय और लोकभवन के साथ चर्चा के बाद जल्द ही इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी की जा सकती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में अगले 48 घंटे भारी : 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, फ्लैश फ्लड और बाढ़ का खतरा
मुख्यमंत्री चाहते हैं लंबा सत्र
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहले ही लंबा मानसून सत्र आयोजित करने की इच्छा जता चुके हैं। इस संबंध में मंत्रिमंडल की पिछली बैठक में भी चर्चा हुई थी। उस समय 15 अगस्त के बाद की तिथियां तय करने का निर्णय लिया गया था। अब सरकार की ओर से प्रस्तावित कार्यक्रम विधानसभा को भेज दिया गया है, जिसके आधार पर कार्यवाही का कैलेंडर तैयार किया जा रहा है।
इन नियुक्तियों पर भी लग सकती है मुहर
सूत्रों के अनुसार, इसी मानसून सत्र के दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष के रिक्त पद को भरे जाने की संभावना है। इसके साथ ही सरकार नए चीफ व्हिप की नियुक्ति का भी ऐलान कर सकती है। इन दोनों फैसलों पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें : आज से किन्नर कैलाश यात्रा शुरू- बाबा के दर्शन के लिए निकला पहला जत्था, सुरक्षाकर्मी तैनात
कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
मानसून सत्र के दौरान प्रदेश में बारिश से हुए नुकसान, सड़क और आपदा प्रबंधन, कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे, आर्थिक स्थिति सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। विपक्ष भी सरकार को विभिन्न जनहित और प्रशासनिक मामलों पर घेरने की तैयारी में जुटा हुआ है।
