शिमला। हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत सरकार के कई मंत्री इन दिनों नई दिल्ली में मौजूद हैं। कांग्रेस हाईकमान के साथ बैठकों में मंत्रिमंडल में नए चेहरे शामिल करने के साथ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में बदलाव और एक मंत्री को हटाने की संभावनाओं पर भी चर्चा बताई जा रही है।

दिल्ली में डेरा डाले ये मंत्री

CM सुक्खू पहले से ही दिल्ली में हैं। सोमवार को उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की थी। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के अलावा मंत्री धनीराम शांडिल, चंद्र कुमार और हर्षवर्धन चौहान भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। रोहित ठाकुर भी राजधानी में मौजूद हैं। मुख्यमंत्री के बुधवार शाम तक शिमला लौटने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के सरकारी गेस्ट हाउस में ठहर सकेगा आम आदमी- 3 हजार में मिलेगा कमरा

सुंदर ठाकुर का नाम सबसे आगे

हिमाचल मंत्रिमंडल में फिलहाल एक पद खाली है। इस पद को भरने के लिए कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर का नाम सबसे मजबूत दावेदार के तौर पर सामने आया है। मुख्यमंत्री सुक्खू भी पहले उनके मंत्री बनाए जाने के संकेत दे चुके हैं।

आशीष बुटेल के नाम पर भी चर्चा

वहीं, पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल भी मंत्री पद की दौड़ में हैं। कांग्रेस का एक धड़ा उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल करने की पैरवी कर रहा है। इसके अलावा एक वरिष्ठ विधायक के नाम पर भी चर्चा होने की बात कही जा रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस की नाक के नीचे से कैदी फरार, IGMC में उपचार के लिए लाया था- मचा हड़कंप

एक मौजूदा मंत्री को हटाने की चर्चा तेज

कैबिनेट विस्तार के साथ मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना ने इस पूरी कवायद को और अहम बना दिया है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान मौजूदा मंत्रियों के कामकाज और प्रदर्शन की समीक्षा कर रहा है। ऐसे में किसी कम सक्रिय मंत्री को हटाकर नए चेहरे को मंत्रिमंडल में जगह देने की संभावना जताई जा रही है।

हो सकता है बड़ा फेरबदल

अगर ऐसा होता है तो सुक्खू सरकार के मंत्रिमंडल में केवल विस्तार नहीं, बल्कि बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही कुछ मंत्रियों के विभाग बदले जाने की भी चर्चा है।

यह भी पढ़ें- हरियाणा से दोस्तों संग मणिमहेश के दर्शन करने आया था मनमोहन, डल झील के पास तोड़ दम

चुनावी समीकरण साधने की तैयारी

मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव को आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए कैबिनेट में नए चेहरे शामिल करने की तैयारी कर सकती है।

CM दे चुके हैं संकेत

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहले ही मंत्रिमंडल विस्तार के साथ फेरबदल के संकेत दे चुके हैं। ऐसे में दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ हो रही बैठकों के बाद कैबिनेट को लेकर तस्वीर जल्द साफ होने की उम्मीद है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें