शिमला। हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पिछली भाजपा सरकार के दौर में नौकरियां खुलेआम बिकती थीं। उस समय भ्रष्टाचार अपने चरम पर था और प्रदेश के युवाओं के साथ विश्वासघात किया गया। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार बनने के बाद इस गलत परंपरा पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है और अब भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ढंग से हो रही है।
बार-बार सदन से वाकआउट कर रही भाजपा
सीएम सुक्खू ने कहा कि, भाजपा केवल युवाओं की सहानुभूति लेने के लिए रोजगार का मुद्दा उठा रही है और इसी बहाने बार-बार सदन से वाकआउट कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकाल में घोटालों के अलावा और कोई काम नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें : बुशहर की अगली रानी हैं किताबों की शौकीन : ये हैं उनके कलेक्शन की 5 बेस्ट बुक्स
इसके विपरीत वर्तमान कांग्रेस सरकार ने युवाओं को रोजगार देने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों में भर्ती अब निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। उन्होंने कहा कि अनुबंध पद का नाम बदलकर "जॉब ट्रेनी" रखा गया है ताकि युवाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं मिल सकें।
प्रधानमंत्री मोदी पर भी साधा निशाना
सीएम सुक्खू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने देश को दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन वह वादा पूरा नहीं हुआ। कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में रोजगार सृजन का वादा किया था और सरकार उसी दिशा में कार्य कर रही है।
यह भी पढ़ें : आपदा से घिरे हिमाचल में बही दूध की नदी ! जानें वायरल वीडियो का सच
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि राज्य के युवाओं को केवल हिमाचल ही नहीं बल्कि विदेशों में भी रोजगार उपलब्ध कराने के लिए एक अलग विभाग का गठन किया गया है। इससे हिमाचल के युवाओं के लिए नई संभावनाएं खुलेंगी।
गुटों में बंटी हुई है भाजपा
भाजपा में आंतरिक खींचतान को लेकर भी उन्होंने टिप्पणी की। सुक्खू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का नेतृत्व पार्टी के भीतर चुनौती झेल रहा है। यही कारण है कि भाजपा गुटों में बंटी हुई है और कई बार सदन में उनकी एकजुटता भी देखने को नहीं मिलती। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब जयराम ठाकुर बोलने के लिए खड़े होते हैं तो रणधीर शर्मा, बिक्रम ठाकुर और अन्य नेता भी साथ-साथ खड़े होकर बोलने लगते हैं।
