हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के युवाओं को राजनीति, नीति निर्माण और नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू किया गया लीडरशिप फैलोशिप कार्यक्रम तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इस पहल को बड़ी सफलता मिली है और अब तक प्रदेशभर से 10 हजार से अधिक युवाओं ने इस कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कराया है।

भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल

अनुराग सिंह ठाकुर ने खुशी जताते हुए कहा कि, इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी इस बात का संकेत है कि प्रदेश का युवा वर्ग राष्ट्र निर्माण और नीति निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाना चाहता है। उन्होंने बताया कि, भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना बेहद जरूरी है।

 

यह भी पढ़ें : माता-पिता की टूट गई उम्मीद... तालाब में मिली जवान बेटे की देह, आखिर क्या हुआ...

 

इसी सोच के साथ यह फैलोशिप कार्यक्रम 23 जनवरी को शुरू किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को सार्वजनिक नीति, प्रशासनिक व्यवस्था और राजनीतिक प्रक्रियाओं की बेहतर समझ देना है, ताकि भविष्य में एक जिम्मेदार और संवेदनशील नेतृत्व तैयार किया जा सके।

21 प्रतिभागियों का अंतिम चयन किया जाएगा

कार्यक्रम के तहत आवेदन करने वाले युवाओं में से केवल 21 प्रतिभागियों का अंतिम चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को लगभग 1.21 लाख रुपये का स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें विशेष प्रशिक्षण सत्र, बूट कैंप और फील्ड एक्सपोजर का अवसर भी मिलेगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में शख्स की बेरहमी से ह*त्या: कु.ल्हाड़ी के वार से अलग कर दी गर्दन; आरोपी फरार

 

फैलोशिप के दौरान ये युवा प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जाकर स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों का अध्ययन करेंगे। साथ ही यह भी समझने की कोशिश करेंगे कि प्रभावी सार्वजनिक नीतियों के माध्यम से वर्ष 2047 तक हिमाचल प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में क्या कदम उठाए जा सकते हैं।

इस पहल को मिल रहा समर्थन बेहद उत्साहजनक

अनुराग ठाकुर ने कहा कि, हिमाचल में इस पहल को मिल रहा समर्थन बेहद उत्साहजनक है। उनका मानना है कि यदि यह मॉडल सफल रहता है तो भविष्य में इसे देश के अन्य राज्यों में भी लागू किया जा सकता है, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को नेतृत्व और नीति निर्माण के क्षेत्र में आगे आने का अवसर मिलेगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें