सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में रविवार से सनसनी फैली हुई है। उपमंडल लाना-चेता के गांव घेवना से लापता हुई 5 वर्षीय मासूम आर्या का 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

36 घंटे से पांच वर्षीय आर्या लापता

बच्ची के अचानक लापता होने से जहां परिवार गहरे सदमे और चिंता में है, वहीं पूरे गांव में भी बेचैनी का माहौल बना हुआ है। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण लगातार बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं। अब आज NDRF की टीम भी मौके पर पहुंचकर बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

यह भी पढ़े : 'जहां कलम की ताकत.. वहां चिल्लाने की जरूरत नहीं होती', मंत्री विक्रमादित्य ने कंगना रनौत पर कसा तंज

नहीं मिल रहा कहीं कोई सुराग

जानकारी के अनुसार, आर्या रविवार शाम करीब 4 बजे के बाद से लापता है। बच्ची के अचानक दिखाई न देने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन करने के बावजूद जब बच्ची का कोई पता नहीं चला तो मामले की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई।

बच्ची की तलाश में जुटा पूरा गांव

सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की टीमें गांव पहुंचीं और बच्ची की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया। पंचायत प्रधान सुनील ठाकुर ने बताया कि बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में निजी बस की ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली से जोरदार टक्कर, 50 यात्री थे सवार; मची चीख-पुकार

चप्पा-चप्पा छान रहे लोग

गांव के लोगों को भी तलाश अभियान में शामिल किया गया है। स्थानीय ग्रामीण लगातार पुलिस और प्रशासन की टीमों के साथ मिलकर आसपास के जंगलों, रास्तों और अन्य संभावित स्थानों पर बच्ची की तलाश कर रहे हैं।

घर के पास है खड्ड

आर्या के घर के समीप मौजूद खड्ड ने प्रशासन और परिजनों की चिंता को और बढ़ा दिया है। बरसात के मौसम में इस खड्ड में पानी का बहाव काफी तेज रहता है। ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं बच्ची खेलते या चलते समय खड्ड के पास पहुंच गई हो और तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गई हो।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के CBSE स्कूल दिखेंगे अलग: शिक्षकों के ड्रेस कोड सहित बिल्डिंग का रंग भी होगा खास; जानें

खड्ड की भी हो रही तलाशी

ऐसे में पुलिस और प्रशासन की टीमें खड्ड के भीतर और उसके आसपास के इलाकों में विशेष रूप से सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। सर्च ऑपरेशन के दौरान खड्ड के किनारों के साथ-साथ नीचे की ओर जाने वाले संभावित क्षेत्रों को भी खंगाला जा रहा है।

नहीं मिल रही आर्या

ग्रामीणों की मदद से उन स्थानों की भी जांच की जा रही है, जहां बच्ची के पहुंचने की संभावना हो सकती है। हालांकि, लगातार प्रयासों के बावजूद करीब 36 घंटे बाद भी आर्या का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज: भारी बारिश के आसार, जानें कितने दिन बिगड़ेंगे हालात

बेहद चिंता में हैं आर्या के परिजन

मासूम के लापता होने के बाद परिजनों की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। परिवार के सदस्य लगातार बच्ची के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। गांव के लोग भी इस घटना से व्यथित हैं और अपनी ओर से हर संभव मदद कर रहे हैं। बच्ची की तलाश के लिए ग्रामीणों की अलग-अलग टोलियां बनाकर संभावित स्थानों पर भेजी जा रही हैं।

सर्च ऑपरेशन तेजी से चल रहा

तहसीलदार विनोद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए NDRF की टीम को भी सर्च ऑपरेशन के लिए बुलाया गया है। टीम आज मौके पर पहुंचकर आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञों की मदद से तलाशी अभियान को आगे बढ़ा रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के सरकारी अस्पताल में डेढ़ वर्षीय मासूम की मौ**त, डॉक्टरों पर आरोप- जमकर हुआ हंगामा

प्रशासन को उम्मीद है कि NDRF के शामिल होने के बाद तलाशी अभियान को और व्यापक बनाया जा सकेगा। विशेषकर खड्ड और उसके आसपास के दुर्गम इलाकों में विशेषज्ञ टीम की मदद से गहन जांच की जाएगी। पुलिस भी मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए बच्ची की तलाश में जुटी हुई है।

आम लोगों से पुलिस की अपील

पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को 5 वर्षीय आर्या के संबंध में कोई भी जानकारी मिलती है या उसे बच्ची कहीं दिखाई देती है तो तुरंत पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें। समय पर मिलने वाली छोटी से छोटी जानकारी भी बच्ची तक पहुंचने में अहम साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : महिला का नहाते हुए बनाया वीडियो- वेंटिलेटर पर रखा था मोबाइल, पड़ोसी की करतूत

परिवार लगाए बैठा है उम्मीद

फिलहाल गांव घेवना और आसपास के क्षेत्रों में आर्या की तलाश लगातार जारी है। परिवार की निगाहें पुलिस, प्रशासन और NDRF के सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं। हर कोई यही उम्मीद कर रहा है कि मासूम आर्या जल्द से जल्द सुरक्षित अपने परिवार के पास लौट आए।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें