#हादसा
September 7, 2026
हिमाचल में निजी बस की ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली से जोरदार टक्कर, 50 यात्री थे सवार; मची चीख-पुकार
हिमाचल-पंजाब सीमा पर हुआ हादसा, पुलिस ने कब्जे में लिये दोनों वाहन
शेयर करें:

डाडासीबा (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश की पंजाब से सटी सीमा पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कांगड़ा जिले के औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरेस में करीब 50 यात्रियों से भरी निजी बस की पराली से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अंदर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ।
हादसा सोमवार सुबह करीब नौ बजे हुआ। निजी बस फतेहपुर से तलवाड़ा की ओर जा रही थी। जैसे ही बस संसारपुर टैरेस औद्योगिक क्षेत्र में बीबीएमबी वर्कशॉप के समीप मोड़ पर पहुंची, उसी समय सड़क के बीच पराली से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली मुड़ रही थी। इसी दौरान बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
यह भी पढ़े : 'जहां कलम की ताकत.. वहां चिल्लाने की जरूरत नहीं होती', मंत्री विक्रमादित्य ने कंगना रनौत पर कसा तंज
टक्कर अचानक इतनी जोर से हुई कि बस में बैठे यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। कई यात्री घबराकर अपनी सीटों से उठ गए। कुछ समय के लिए मौके पर चीख-पुकार का माहौल रहा। हादसे में कुछ यात्रियों को चोटें आईं, लेकिन राहत की बात यह रही कि बस में करीब 50 लोग सवार होने के बावजूद कोई गंभीर जनहानि नहीं हुई।
हादसे की एक बड़ी वजह ट्रैक्टर-ट्रॉली का ओवरलोड होना भी सामने आया है। ट्रॉली में भारी मात्रा में पराली भरी हुई थी। बताया जा रहा है कि इसकी वजह से वाहन की ऊंचाई और भार सामान्य से काफी अधिक था। मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली के सड़क के बीच आने के दौरान बस से इसकी भिड़ंत हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: डेढ़ साल के मासूम और महिला की मौ**त; एक झटके में दो हंसते-खेलते परिवारों में पसरा मातम
दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया और स्थिति को संभालने का प्रयास किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही संसारपुर टैरेस पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू की।

हादसे के बाद एक और स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के चालकों से अपने वाहन हटाने को कहा। इसी दौरान कुछ चालक पुलिस की कार्रवाई से नाराज हो गए और मामला गरमा गया। इसके बाद ट्रैक्टर चालकों ने पंजाब-हिमाचल सीमा पर सड़क पर जाम लगा दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: संजौली के बाद अब एक और मस्जिद में अवैध निर्माण, कोर्ट ने दिए बुलडोजर चलाने के आदेश
ट्रैक्टर चालकों की ओर से लगाए गए जाम के कारण संसारपुर टैरेस और तलवाड़ा दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब 25 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। सीमा क्षेत्र में सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुकने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने मोर्चा संभाला। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और सड़क से वाहनों को हटवाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया और दोनों तरफ यातायात को दोबारा सुचारू किया गया।
पुलिस ने हादसे में शामिल निजी बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में पराली किस स्तर तक ओवरलोड थी और सड़क पर मोड़ लेते समय सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
संसारपुर टैरेस थाना प्रभारी संजय शर्मा के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
इस हादसे में करीब 50 यात्रियों की मौजूदगी ने घटना को और गंभीर बना दिया था। अगर टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे चली जाती या पलट जाती तो नुकसान काफी बड़ा हो सकता था। फिलहाल कोई बड़ी जनहानि नहीं होने से यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है।