लाहौल। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति से कांग्रेस विधायक अनुराधा राणा स्वाइन फ्लू से संक्रमित हो गई हैं। कुछ दिनों से वायरल की शिकायत के चलते उनका इलाज IGMC शिमला में चल रहा था। बुधवार को डॉक्टरों ने उनका स्वाइन फ्लू टेस्ट किया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालांकि उनकी हालत अब ठीक और स्थिर है, इसलिए डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी है।

10 दिन घर में रहेंगी विधायक

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद डॉक्टरों ने अनुराधा राणा को अगले 10 दिनों तक घर में आइसोलेशन में रहने की सलाह दी है। इस दौरान उन्हें लोगों से दूरी बनाए रखने और संक्रमण को दूसरे लोगों तक फैलने से रोकने के लिए सावधानी बरतने को कहा गया है।

 

यह भी पढ़ें :  14 साल की किशोरी को होटल ले गया युवक, 6 दिन तक की निचता

सोशल मीडिया पर दी जानकारी

अनुराधा राणा ने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपने स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आइसोलेशन के दौरान वह किसी से मुलाकात नहीं कर पाएंगी। उन्होंने लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है।

सीएम सुक्खू ने की थी मुलाकात

कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी आईजीएमसी शिमला पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती विधायक अनुराधा राणा से मुलाकात की थी। अब विधायक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनके संपर्क में आए लोगों में भी स्वास्थ्य को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।

 

यह भी पढ़ें :  बुजुर्ग मरीज को ऑक्सीजन में देरी, मदद मांगने पर नर्स ने परिजनों को दिया धक्का- व्यवस्था पर उठे सवाल

हिमाचल में 12 स्वाइन फ्लू के मामले

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़कर 12 हो गए हैं। संक्रमण के चलते प्रदेश में अब तक दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि अगर फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दें तो इसे हल्के में न लें और समय पर डॉक्टर से सलाह लें।