सोलन। हिमाचल प्रदेश में अपराध और नशा तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में बद्दी पुलिस ने शनिवार रात 'ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट' चलाकर बड़े स्तर पर नाकाबंदी और वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक ही रात में 95 वाहन चालकों के चालान किए गए, जबकि 9 लोग नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। 

रातभर चला पुलिस का विशेष अभियान

बद्दी पुलिस ने जिले में अपराधों पर लगाम लगाने और लोगों को सुरक्षित माहौल देने के लिए बीती रात 'ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट' चलाया। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान के निर्देश पर जिले के 13 थाना क्षेत्रों में जगह-जगह नाके लगाए गए और आने-जाने वाले वाहनों व संदिग्ध लोगों की गहन जांच की गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में प्रकृति का रौद्र रूप: भरभरा कर दरका पहाड़, भयानक मंजर देख लोगों की निकली चीखें; VIDEO

SP ने खुद संभाली कमान

अभियान के दौरान एसपी विनोद धीमान खुद भी अलग-अलग नाका प्वाइंट पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए और चेकिंग व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस ने हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए रखी।

95 चालान, 9 ड्रंक एंड ड्राइव के मामले

रातभर चली कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत 95 चालान किए। इनमें 9 लोग नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। इसके अलावा करीब 257 वाहनों की जांच की गई। दोपहिया चालकों, देर रात आने-जाने वाले वाहनों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने खास निगरानी रखी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पति को चाय में नींद की गो.ली देकर फरार हुई नई नवेली दुल्हन, 3 माह पहले हुई थी शादी

नशा तस्करों और अपराधियों पर सख्ती

पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नशा तस्करों और अपराधियों पर शिकंजा कसना, कानून व्यवस्था को मजबूत करना और सड़क हादसों को कम करना है। साथ ही लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करना भी इस अभियान का हिस्सा है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

बद्दी पुलिस ने साफ किया है कि 'ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट' आगे भी लगातार चलाया जाएगा। इसके तहत समय-समय पर रात में विशेष नाकाबंदी, वाहन चेकिंग और अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, नशे में वाहन न चलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।