सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में उस समय एक अनोखी राजनीतिक तस्वीर सामने आई, जब सिरमौर जिले के रेणुका विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय विधायक एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार को ग्रामीणों ने सिक्कों में तौलकर सम्मानित किया। नई पंचायतों के गठन से खुश लोगों ने यह अनूठा सम्मान देकर अपना आभार व्यक्त किया।

जनता ने विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया

दरअसल, जल सिरमौर के तहत आते रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की नवगठित कुफर केंथू पंचायत में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और स्थानीय विधायक विनय कुमार का भव्य स्वागत किया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में गजब का मामला : बेटे के जन्म लेते ही सलाखों के पीछे पहुंचा पिता, जानें वजह

 

यह पंचायत पहले भवाई पंचायत का हिस्सा थी, जिसे हाल ही में अलग कर नई पंचायत का दर्जा दिया गया है। भवाई पंचायत से अलग होकर बनी नई पंचायत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।

प्रशासनिक कार्यों में आएगी तेजी

नई पंचायत बनने से खुश ग्रामीण बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचे और पारंपरिक तरीके से अपने विधायक का स्वागत किया। लोगों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। इसी दौरान ग्रामीणों ने विनय कुमार को प्रतीकात्मक रूप से सिक्कों में तौलकर उनका सम्मान किया और नई पंचायत के गठन में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया।

 

यह भी पढ़ें :  हिमाचल में बुझ गया एक घर का चिराग, मोहाली के लिए निकले युवक की खाई में मिली देह

 

ग्रामीणों का कहना है कि नई पंचायत बनने से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।

विकास को गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कदम

इस मौके पर विनय कुमार ने क्षेत्र के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायतों का गठन स्थानीय शासन व्यवस्था को मजबूत करने और विकास को गांव तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई पंचायत के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें