नाहन। हिमाचल के सिरमौर जिला से आज बुधवार को एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जिला में एक मां ने ऐसा कृत्य कर दिया है, जिसने ना सिर्फ मानवता को शर्मसार कर दिया, बल्कि इंसानियत को भी झकझोर कर रख दिया है। एक मां ने अपने नवजन्मे बच्चे को ही अस्पताल के टॉयलेट में फेंक दिया और फरार हो गई। इस घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
टॉयलेट में मिला नवजात का शव
दरअसल सिरमौर जिला के राजगढ़ के सिविल अस्पताल में आज बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सफाई कर्मी ने अस्पताल के टॉयलेट में एक नवजात का शव देखा। इस दिल दहला देने वाली घटना ने न केवल अस्पताल प्रशासन, बल्कि हर संवेदनशील व्यक्ति को अंदर तक हिला दिया है। सफाई कर्मी की सूचना देने पर अस्पताल प्रबंधन मौके पर पहुंचा।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा कदम: केंद्र के अधीन 4 पावर प्रोजेक्ट्स को वापस लेगा हिमाचल, तेज की प्रक्रिया
सफाई करने पहुंचे कर्मी ने देखा शव
सफाई कर्मी के अनुसार वह हर रोज की तरह जब सुबह करीब 8 बजे अस्पताल के टॉयलेट की सफाई करने पहुंचा, सफाई के दौरान उसकी नजर टॉयलेट सीट में फंसी एक संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। जब उसने करीब जाकर देखा, तो वह एक नवजात शिशु का निर्जीव शरीर था। यह दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत अस्पताल स्टाफ को इसकी जानकारी दी।
नवजात का शव मिलने से अस्पताल में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में अफरा.तफरी मच गई। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के बीच भी सन्नाटा छा गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने नवजात के शव को अपने कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज नाहन पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : जिंदा महिला को रिकॉर्ड में किया मृत घोषित, सहारा पेंशन भी की बंद-सरकार से सवाल
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने अस्पताल के स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है और अब अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर किसने इस मासूम को इस तरह निर्दयता से छोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नवजात को जन्म के तुरंत बाद यहां लाकर फेंका गया होगा। हालांकि पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। पुलिस अब उस कलयुगी मां या जिम्मेदार व्यक्ति की तलाश में जुट गई हैए जिसने इस मासूम के साथ ऐसा अमानवीय कृत्य किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बाईपास पर पलटी तेज रफ्तार कार, 14 साल के लड़के की मौ*त- दूसरे की हालत नाजुक
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले की पुष्टि करते हुए जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि राजगढ़ सिविल अस्पताल के टॉयलेट में नवजात का शव मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं आगामी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात की मौत टॉयलेट में फेंकने से पहले हो गई थी या मृत नवजात को यहां फेंका गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 8 साल से कोमा में संजीव, सरकार ने बंद की सहारा योजना- पत्नी ने हाथ जोड़कर मांगी मदद
समाज के सामने खड़े हुए कड़े सवाल
यह घटना केवल एक अपराध नहीं, बल्कि समाज के उस कड़वे सच को उजागर करती है, जहां एक नवजात को जीवन मिलने से पहले ही मौत के हवाले कर दिया जाता है। आखिर किन परिस्थितियों में किसी ने यह कदम उठाया, यह सवाल हर किसी के मन में गूंज रहा है।
