कुरुक्षेत्र/सोलन/चंबा। देवभूमि हिमाचल प्रदेश के दो युवकों का नशा तस्करी के काले कारोबार में संलिप्त होने का एक बड़ा मामला सामने आया है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हिमाचल के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन तस्करों के पास से करीब 50 लाख रुपये मूल्य का चूरापोस्त बरामद किया गया है जिसे वे एक कैंटर के जरिए तस्करी कर ले जा रहे थे।

चंबा और सोलन से जुड़े हैं तार

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपितों की पहचान हिमाचल प्रदेश के चंबा निवासी सतपाल और सोलन निवासी जीतराम के रूप में हुई है। सतपाल कैंटर चला रहा था जबकि जीतराम बतौर क्लीनर उसके साथ मौजूद था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये दोनों लंबे समय से इस अवैध धंधे में जुड़े हो सकते हैं और नशे की इस बड़ी खेप को ठिकाने लगाने की फिराक में थे।

यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर बोले: सुक्खू सरकार की सुस्ती से लटके रेलवे प्रोजेक्ट, पंजाब सरकार का भी यही हाल

कैसे बिछाया गया पुलिस का जाल ?

एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी उप निरीक्षक सतविंद्र सिंह को 19 मार्च को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि हिमाचल नंबर के एक कैंटर में भारी मात्रा में डोडा-चूरापोस्त भरकर लाया जा रहा है। इस जानकारी पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे-152 पर गांव टबरा और जलबेहड़ा के पास नाकाबंदी कर दी।

 

जैसे ही संदिग्ध कैंटर वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। तलाशी के दौरान पुलिस और राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में कैंटर के भीतर से बोरों में भरा 6 क्विंटल 92 किलो 907 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस नशे की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में भीषण हा.दसा: 2 युवतियों सहित 3 की मौ*त, 6 थे सवार; सभी की उम्र 18 से 25 के बीच

हिमाचल में नशे के बढ़ते नेटवर्क पर चिंता

इस गिरफ्तारी ने हिमाचल प्रदेश में फैल रहे नशे के नेटवर्क पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चंबा और सोलन जैसे जिलों से ताल्लुक रखने वाले इन आरोपितों की गिरफ्तारी ये दर्शाती है कि नशे के सौदागर अब माल ढुलाई वाले वाहनों का इस्तेमाल कर अंतरराज्यीय तस्करी कर रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई और आगामी जांच

पुलिस ने सतपाल और जीतराम के खिलाफ इस्माईलाबाद थाने में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया है। अब पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि:
1. नशे की ये इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी ? 
2. हिमाचल में इसके पीछे और कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं ?
3. क्या ये माल हिमाचल के ही किसी हिस्से में सप्लाई किया जाना था या इसे कहीं और ले जाया जा रहा था ?

यह भी पढ़ें : हिमाचल में राहत के बाद फिर आफत, अगले 4 दिन होगी झमाझम बारिश- गिरेगी बर्फ!

हरियाणा और हिमाचल पुलिस के बीच अब समन्वय की उम्मीद है ताकि इस गिरोह की जड़ों तक पहुंचा जा सके। फिलहाल दोनों आरोपित पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे गहन पूछताछ जारी है।