शिमला। हिमाचल प्रदेश में पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। लेकिन इसी बीच चिंता की बात यह है कि नशे के अवैध कारोबार में महिलाओं की भागीदारी के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला राजधानी शिमला से सामने आया है। यहां पुलिस ने 28 साल की एक महिला को लाखों के चिट्टे संग अरेस्ट किया है।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के लोअर चक्कर इलाके का है। पुलिस नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। इसी दौरान देर रात टीम को गुप्त सूचना मिली कि लोअर चक्कर इलाके में एक कमरे महिला नशे का कारोबार कर रही है।
यह भी पढ़ें : आज सराहन में होगा राजा वीरभद्र की प्रतिमा का अनावरण, कांग्रेस के कई दिग्गज नेता होंगे शामिल
लाखों का चिट्टा बरामद
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आधी रात को कमरे में दबिश दी। अचानक पुलिस को सामने देखकर महिला भी घबरा गई। इसके बाद टीम ने पूरे कमरे की तलाशी ली, जहां से करीब 56 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। कमरे से इतनी मात्रा में चिट्टा मिलने के बाद पुलिस ने महिला के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान
आरोपी महिला की पहचान हीना, पत्नी जगदीश और निवासी जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला चिट्टा कहां से लेकर आई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही, पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है। फिलहाल मामले की आगामी जांच जारी है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा कदम: महिलाओं को 1500 रुपए-300 यूनिट फ्री बिजली योजना में जुड़ेगे कई और नाम
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, आगे की जांच जारी
इस मामले में पुलिस थाना में 16 अक्टूबर 2026 को FIR नंबर 218/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने महिला के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
