पंचकूला/शिमला। सड़क पर गाड़ी चलाते समय अलग-अलग तरह के स्लोगन लिखकर ‘हवाबाजी’ दिखाने का शौक अब वाहन मालिकों पर भारी पड़ सकता है। हरियाणा के पंचकूला में ट्रैफिक पुलिस ने हिमाचल प्रदेश नंबर की एक बोलेरो के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 हजार रुपये का चालान काटा है। पुलिस के मुताबिक, वाहन पर ऐसे शब्द और स्लोगन लिखे गए थे, जो सड़क पर गलत संदेश देने के साथ आम लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा कर सकते हैं।

मनसा देवी मंदिर के पास पुलिस की नजर पड़ी

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को मनसा देवी मंदिर क्षेत्र के पास लाइट प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिस की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक काले रंग की बोलेरो पर पड़ी। बताया गया कि बोलेरो पर शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र का पंजीकरण नंबर था। वाहन पर ब्लैक फिल्म भी लगी हुई थी। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो उसके पीछे कई ऐसे स्लोगन लिखे मिले, जिन्हें पुलिस ने आपत्तिजनक और भड़काऊ प्रकृति का माना।

यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस में फिर छिड़ी जंग, अपनी ही पार्टी पर से जगत नेगी नाराज- उठाए कई सवाल

दरअसल, बोलेरो के पीछे ‘Kidnapping Car’ और ‘No Face, No Case’ जैसे स्लोगन लिखे हुए थे। इसके अलावा वाहन पर ‘Insured by Mafia’ और ‘You Hit Me, We Hit You’ जैसी पंक्तियां भी लिखी हुई थीं। इन स्लोगनों के जरिए वाहन को किस तरह का संदेश देने की कोशिश की गई थी, यह पुलिस जांच का विषय नहीं बताया गया, लेकिन अधिकारियों ने साफ किया कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की शब्दावली का इस्तेमाल आम लोगों के बीच गलत धारणा और भय पैदा कर सकता है।

मौके पर उतरवाई गई ब्लैक फिल्म

ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बोलेरो पर लगी ब्लैक फिल्म भी मौके पर उतरवाई। इसके बाद यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े प्रावधानों के तहत वाहन का 13,000 रुपये का चालान किया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करना जरूरी है। केवल नंबर प्लेट, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य दस्तावेजों की जांच ही नहीं, बल्कि वाहन में ऐसे बदलाव और प्रदर्शित सामग्री भी कार्रवाई का कारण बन सकती है, जो निर्धारित नियमों का उल्लंघन करती हो।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : परिवार ने खोया 17 वर्षीय बेटा, रसोई में खाना बना रही थी मां- कमरे में...

पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कार्रवाई को लेकर कहा कि बोलेरो पर ‘No Face, No Case’ लिखा था, लेकिन पंचकूला पुलिस ने मामले में कार्रवाई की है। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सड़क पर इस तरह की दादागिरी या दबंगई दिखाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके मुताबिक, वाहन पर ‘Kidnapping Car’ लिखकर चलने वाले वाहन के खिलाफ 13 हजार रुपये का चालान किया गया और ब्लैक फिल्म भी हटवाई गई।

धूल से ढकी थी बोलेरो, स्लोगनों ने खींचा ध्यान

जिस बोलेरो को पुलिस ने रोका, वह काफी धूल से ढकी हुई भी बताई गई है। हालांकि वाहन की हालत से ज्यादा पुलिस का ध्यान उस पर लिखे स्लोगनों और लगी ब्लैक फिल्म पर गया। एक तरफ वाहन पर ‘किडनैपिंग कार’ और ‘नो फेस, नो केस’ जैसे शब्द लिखे थे, वहीं दूसरी ओर ‘इंश्योर्ड बाय माफिया’ और ‘यू हिट मी, वी हिट यू’ जैसे संदेश भी नजर आए। पुलिस ने इन सभी को गंभीरता से लेते हुए नियमों के तहत कार्रवाई की।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।