मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया की निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार तो कर लिया, लेकिन घटना को बीते आज नौ दिन के बाद भी हत्या की असली वजह अब तक पूरी तरह सामने नहीं आ पाई है। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे कई चौंकाने वाले पहलू सामने आ रहे हैं।

कब और कैसे हुई वारदात

यह सनसनीखेज घटना सोमवार सुबह की है, जब सिया रोज की तरह अपने घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी। घर से करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर ही पहले से घात लगाए बैठे आरोपी विकास पटियाल ने उस पर अचानक हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अरेस्ट हुआ निर्मल बाबा : महिला की इज्जत लूटकर फरार हुआ था- किए थे कई कारनामे

दराट से सिया पर किए कई वार 

बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपना चेहरा छिपाने के लिए हुड पहन रखा था। उसने पहले दराट से सिया के हाथ पर वार किया, जिससे वह सड़क पर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने उसकी गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना खतरनाक था कि सिया को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हत्या के बाद क्या हुआ

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और जंगल की ओर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपी को जंगल में देखा और उसे पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस तरह पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को हिरासत में ले लिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : स्कूल जा रही लड़की को जबरन अपने घर ले गया युवक, की नीचता- अब मिली कठोर सजा

पूछताछ में आरोपी ने क्या खुलासा किया

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से लगातार पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने जो कहानी बताई, वह चौंकाने वाली जरूर है, लेकिन हत्या की ठोस वजह अभी भी स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपी के अनुसार, वारदात वाले दिन उसका अपनी मां के साथ पैसों को लेकर झगड़ा हुआ था। उसने बीड़ी खरीदने के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन विवाद इतना बढ़ गया कि वह गुस्से में घर से निकल गया।

गुस्से में आकर आरोपी ने सिया पर किया हमला

इसके बाद वह इधर-उधर भटकता रहा, पहले एक गोशाला के पास गया, फिर गोपालपुर चौक की ओर बढ़ा। इसी दौरान रास्ते में उसकी मुलाकात सिया से हुई, जो उस समय मोबाइल फोन पर बात कर रही थी। आरोपी ने बताया कि वह पहले से ही गुस्से में था और अचानक उसने दराट से सिया पर हमला कर दिया। वारदात के बाद जब आसपास लोगों की आवाजें सुनाई दीं, तो वह घबरा गया और वहां से भाग निकला।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : दूध सप्लाई करने निकले थे दो भाई, जीप की ट्रक से हुई टक्कर- एक नहीं बच पाया

लेकिन असली वजह अब भी रहस्य 

हालांकि आरोपी ने पूरी घटना का क्रम बताया है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी बना हुआ है, उसने सिया को ही निशाना क्यों बनाया? पुलिस करीब एक हफ्ते तक लगातार आरोपी से पूछताछ करती रही, लेकिन वह हत्या के पीछे की कोई ठोस और स्पष्ट वजह नहीं बता पाया है। यही कारण है कि यह मामला और भी रहस्यमय बन गया है। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बढ़ाई गंभीरता

  • सिया के पोस्टमार्टम में कई दिल दहला देने वाले खुलासे हुए हैं-
  • शरीर पर करीब 11 जगह गहरे जख्म पाए गए
  • गर्दन की हड्डी तक कट गई थी
  • अत्यधिक खून बहने से मौके पर ही मौत हो गई। इससे साफ है कि हमला बेहद क्रूर और जानलेवा था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 6 महीने दुनिया से कटा रहता है इलाका, बेटी ने बिना कोचिंग और इंटरनेट के रचा इतिहास

पुलिस जांच कहां तक पहुंची

  • पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है-
  • अब तक करीब 40 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं
  • आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर पूरा सीन रिक्रिएट किया गया
  • घटनास्थल से सबूत जुटाकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं
  • SP स्तर के अधिकारी खुद जांच की निगरानी कर रहे हैं

लूटपाट या पुरानी रंजिश नहीं

जांच में यह साफ हो चुका है कि यह लूटपाट का मामला नहीं है। सिया के पास सिर्फ 70 रुपये मिले थे और उसकी छवि भी बेहद शांत और साधारण बताई जा रही है। वह सीमित लोगों से ही संपर्क में रहती थी, जिससे किसी पुरानी दुश्मनी की संभावना भी कम नजर आती है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल का बेटा बना टॉपर : JEE Main में 99 प्रतिशत झटके, दिन के 10 घंटे करता था पढ़ाई

परिवार और समाज में गहरा सदमा

इस दर्दनाक घटना के बाद सिया के परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं पूरे क्षेत्र में डर और आक्रोश का माहौल है। लोग आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें