मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट में हुए कॉलेज छात्रा सिया हत्याकांड में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। इस बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले को और भी गंभीर बना दिया है, जिसमें ऐसी बातें सामने आई हैं, जिन्होंने सभी को हैरान कर दिया है।
एक सप्ताह से कर रही पुलिस आरोपी से पूछताछ
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिया हत्याकांड के आरोपी विकास को पुलिस ने बीते सोमवार को रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस पिछले करीब एक हफ्ते से आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही थी, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक हत्या के पीछे की असली वजह साफ नहीं हो पाई है।
यह भी पढ़ें : डॉ. जनकराज बोले- पुरुषों में भी होती है बच्चेदानी, मैंने खुद एक ऑपरेशन में देखा है
बेरहमी से की सिया की हत्या
पुलिस को यह यकीन है कि हत्या विकास ने ही की है, लेकिन उसने ऐसा क्यों किया यह अभी भी रहस्य बना हुआ है। पुलिस की शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह साफ हो चुका है कि सिया की हत्या बेहद बेरहमी से की गई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने दराट (तेज हथियार) से उस पर कई बार वार किए।
11 जगह शरीर पर मिले चोट के निशान
वार इतने खतरनाक थे कि उसकी गर्दन की हड्डी तक कट गई और ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम के दौरान सिया के शरीर पर करीब 11 जगह चोट के निशान पाए गए, जो इस बात को दिखाते हैं कि उस पर कितनी क्रूरता से हमला किया गया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव : आज जारी हो सकता है शेड्यूल, कई पंचायतों पर होगी धनवर्षा
40 लोगों के हो चुके हैं बयान दर्ज
पुलिस इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रही है। अब तक करीब 40 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। खुद SP मंडी विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर कुछ लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा, पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर भी लेकर गई और पूरा सीन दोबारा रिक्रिएट किया, ताकि यह समझा जा सके कि घटना कैसे हुई।
रिपोर्ट आने के बाद होगा मामले का खुलासा
फिलहाल पुलिस को फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। घटनास्थल से जो ब्लड सैंपल और अन्य सबूत इकट्ठे किए गए हैं, उनकी रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में नशे के बड़े रैकेट का पर्दाफाश, मुंबई कनेक्शन आया सामने- दो आरोपी गिरफ्तार
लूटपाट का नहीं लग रहा मामला
इस मामले में एक बात साफ हो चुकी है कि यह लूटपाट का मामला नहीं है। सिया के पास सिर्फ 70 रुपये मिले थे और उसकी छवि भी काफी साफ-सुथरी बताई जा रही है। वह ज्यादा लोगों से बात नहीं करती थी और सिर्फ अपने परिवार और कुछ सहेलियों के संपर्क में रहती थी।
