मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक रेस्टोरेंट मालिक और डिलीवरी बॉय के बीच हुई मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और सड़कों पर उतरकर चक्का जाम कर दिया गया, जिससे इलाके में देर रात तक तनाव का माहौल बना रहा।

सड़कों पर उतरे लोग

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मामला जिला मंडी के सुंदरनगर का है। जैसे ही यह खबर फैली कि एक डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट हुई है, स्थानीय लोग भड़क उठे। देखते ही देखते सैकड़ों लोग सुंदरनगर थाना के बाहर इकट्ठा हो गए। गुस्साए लोगों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। हालात ऐसे बन गए कि रात करीब 12 बजे तक लोग वहीं डटे रहे और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते रहे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पुल के नीचे पड़ा मिला 28 वर्षीय युवक, झुलसा हुआ था आधा शरीर, हा.दसा या साजिश.....

पीड़ित युवक की पहचान 

पीड़ित युवक दीपक (25), जो गांव बाड़ी, सुंदरनगर का रहने वाला है, डिलीवरी बॉय का काम करता है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक ऑर्डर लेने के लिए सुंदरनगर के एक रेस्टोरेंट में गया था। जब ऑर्डर तैयार हो गया और वह उसे लेने काउंटर पर पहुंचा, तभी रेस्टोरेंट मालिक धीरज जंवाल ने उसके साथ अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी।

दीपक के साथ मारपीट, जान से मारने की दी धमकी

दीपक के मुताबिक, बात यहीं नहीं रुकी। थोड़ी ही देर में रेस्टोरेंट मालिक और उसका एक साथी उस पर टूट पड़े और उसे घेरकर मारपीट करने लगे। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। मारपीट इतनी ज्यादा थी कि दीपक के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, उसका एक दांत टूट गया और उसके कपड़े तक फट गए। इतना ही नहीं, उसने यह भी आरोप लगाया कि उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया और उसकी जेब से करीब 2 हजार रुपये भी छीन लिए गए।

यह भी पढ़ें : भैंस ढूंढने UP पहुंची हिमाचल पुलिस- 48 घंटे में सुलझाया मामला, दो लोग गिरफ्तार

मालिक ने आरोपों से किया इनकार

वहीं दूसरी ओर, रेस्टोरेंट मालिक धीरज जंवाल ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह से नकार दिया है। उनका कहना है कि असल में विवाद की शुरुआत डिलीवरी बॉय की तरफ से हुई थी। उनके अनुसार, पहले डिलीवरी बॉय ने ही गाली-गलौज की और फिर हेलमेट से हमला कर दिया, जिसके बाद मामला बिगड़ गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच 

इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। DDSP सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के बाद जो भी सच्चाई सामने आएगी, उसी के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें